➤ 28 वर्ष पहले आज ही के दिन पहली बार विधानसभा पहुंचे थे जयराम ठाकुर
➤ मंडी के सेरी मंच पर जनता संग मनाई होली, पुरानी यादें ताजा
➤ विकास यात्रा में जनता के सहयोग और आशीर्वाद का जताया आभार
मंडी की ऐतिहासिक होली इस बार पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के लिए विशेष मायने लेकर आई। वर्षों बाद उन्होंने अपने गृहक्षेत्र मंडी में आम जनता के बीच पहुंचकर होली मनाई और इसी दिन अपने 28 वर्षों के राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव भी पूरा किया। सेरी मंच पर आयोजित भव्य होली समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि ठीक 28 वर्ष पहले आज ही के दिन वे पहली बार हिमाचल प्रदेश विधानसभा पहुंचे थे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि यह 28 वर्षों का सफर जनता के अपार सहयोग, स्नेह और आशीर्वाद से ही संभव हो पाया है। उन्होंने सराज और पूर्व के चच्योट विधानसभा क्षेत्र की जनता का विशेष आभार जताया, जिन्होंने उन्हें लगातार 28 वर्षों तक जनप्रतिनिधि चुनकर विधानसभा भेजा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए जो कुछ भी कर पाया, उसमें प्रदेशवासियों का विश्वास और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा।

मंडी की होली से जुड़ी पुरानी यादों को साझा करते हुए जयराम ठाकुर ने बताया कि कॉलेज के दिनों में वे दोस्तों के साथ मंडी शहर की गलियों में घूम-घूमकर होली खेला करते थे। उस समय सेरी मंच पर इस तरह का सामूहिक और व्यवस्थित आयोजन नहीं होता था। समय के साथ यह परंपरा विकसित हुई और आज यह आयोजन भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने इस आयोजन के लिए सभी आयोजकों को बधाई दी और इसे सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।
होली के रंगों में सराबोर इस मौके पर जयराम ठाकुर अपनी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ अचानक सेरी मंडी पहुंचे। दोनों ने लोगों के साथ जमकर गुलाल उड़ाया, गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं और उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी और भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा भी मौजूद रहे।
जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल को निरंतर विकास के पथ पर आगे ले जाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का स्नेह और सहयोग आगे भी इसी तरह मिलता रहेगा और प्रदेश प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा।



