Follow Us:

जयराम ठाकुर बोले – कांग्रेस चकनाचूर, टुकड़ों को जोड़ा जा सकता है लेकिन चूरे को नहीं

➤ नेता प्रतिपक्ष ने कहा – हिमाचल में कांग्रेस पूरी तरह बिखर चुकी, जनता का भरोसा खत्म
➤ बिहार चुनाव पर बोले – एनडीए फिर बनाएगी सरकार, राहुल गांधी हार से पहले बहाने ढूंढते हैं
➤ प्रधानमंत्री मोदी ने आपदा राहत के लिए दिए 1500 करोड़, सुक्खू ने जताया अपमानजनक बयान


हमीरपुर। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस अब चकनाचूर हो चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के “भाजपा पांच टुकड़ों में बंटी है” वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि “टुकड़ों को जोड़ा जा सकता है, लेकिन चूरे को समेटना मुश्किल होता है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस आज पूरे देश से लगभग विलुप्त हो रही है और हिमाचल प्रदेश में भी उसका यही हाल होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू की जनविरोधी नीतियों और विफल शासन के कारण जनता का कांग्रेस से विश्वास उठ चुका है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में बीते तीन वर्षों से विकास कार्य ठप पड़े हैं। सड़कों से लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा तक हर क्षेत्र में जनता परेशान है, जबकि सरकार केवल बयानबाजी में व्यस्त है।

बिहार चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वहां एनडीए फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने विपक्ष द्वारा उठाए गए वोट चोरी के आरोपों को निराधार बताया। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “राहुल गांधी चुनाव हारने से पहले ही बहाने ढूंढ लेते हैं।” उन्होंने कहा कि कभी ईवीएम तो कभी फर्जी वोटर के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।

हिमाचल की आपदा राहत को लेकर जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सांसदों के आग्रह पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं प्रदेश दौरे पर आए और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री ने राज्य के लिए 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की, लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू ने धन्यवाद देने के बजाय यह कह दिया कि “ऊंट के मुंह में जीरा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह बयान न सिर्फ प्रधानमंत्री का, बल्कि हिमाचल की जनता के हितों का भी अपमान है।

जयराम ठाकुर शनिवार देर शाम हमीरपुर सर्किट हाउस पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा, बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और अन्य नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।