Follow Us:

दिल्ली की तरह हिमाचल में भी आपदा सरकार से जनता दुःखी : जयराम ठाकुर

|

Jai Ram Thakur vs Sukhu Govt : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली की तरह हिमाचल की जनता भी सुक्खू सरकार से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि नए विकास कार्य शुरू नहीं हो रहे हैं, और पिछली सरकार की योजनाओं को भी ठप कर दिया गया है।

सरकार पर भेदभाव का आरोप

मंडी में भाजपा नेताओं के साथ बैठक के बाद जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर भेदभाव की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर महीने कर्ज ले रही है, लेकिन विकास कार्यों में उसका कोई अता-पता नहीं है।

उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह दिल्ली की जनता ने ‘आप’ सरकार की गारंटियों को नकार दिया, उसी तरह हिमाचल की जनता भी अब डबल इंजन सरकार चाहती है।

मंडी में ठप पड़ा विकास

जयराम ठाकुर ने मंडी जिले की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि यहां न तो नए प्रोजेक्ट शुरू हुए, न ही पुरानी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया।

  • नेरचौक मेडिकल कॉलेज की स्थिति दयनीय हो चुकी है, रोगी कल्याण समिति की दो वर्षों से बैठक तक नहीं हुई।
  • लोक निर्माण और बिजली विभाग का कामकाज सुस्त पड़ा है।
  • कृषि और बागवानी विभागों में बजट की कमी के चलते किसान और बागवान प्रभावित हो रहे हैं।
  • ठेकेदारों के करोड़ों के भुगतान रुके हुए हैं, सरकारी ट्रेजरी से चार महीने से लेन-देन ठप है।

भाजपा विधायकों से भेदभाव का आरोप

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से आने वाले फंड को कांग्रेस विधायकों के क्षेत्रों में भेजा जा रहा है, जबकि भाजपा विधायकों के क्षेत्रों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की भेदभावपूर्ण नीति सहन नहीं की जाएगी।


सावन बरवाल को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई


उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में जोगिंद्रनगर के सावन बरवाल ने 10,000 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित कर स्वर्ण पदक जीता।

जयराम ठाकुर ने सावन बरवाल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी। उन्होंने सावन के गुरु, माता-पिता और सहयोगियों को भी साधुवाद दिया।