Follow Us:

झूठी गारंटियों पर माफी मांगे कांग्रेस, जनादेश चोरी कर वोट अधिकार यात्रा निकाल रही सरकार: जयराम ठाकुर

➤ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर झूठी गारंटियों के नाम पर जनादेश चोरी करने का आरोप लगाया
➤ आपदा राहत और सदन की चर्चा छोड़कर मुख्यमंत्री के रैलियों में व्यस्त रहने पर उठाए सवाल
➤ चालदा महासू महाराज के पश्मी गांव आगमन को बताया देवभूमि के लिए दिव्य आशीर्वाद


शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि झूठी गारंटियों और घोषणापत्र के नाम पर जनादेश हथियाने वाली सरकार को पहले हिमाचल की जनता से माफी मांगनी चाहिए, उसके बाद लोकतंत्र और वोट अधिकार की बात करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देशभर में वोट चोरी के खिलाफ रैलियां निकाल रहे हैं, जबकि स्वयं हिमाचल में जनता को गुमराह कर सत्ता हासिल की गई। प्रदेश की जनता सरकार की नाकामियों से त्रस्त है, लेकिन मुख्यमंत्री और उनका मंत्रिमंडल दिल्ली में नेतृत्व को खुश करने में लगा है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व लगातार संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रहा है। चुनाव आयोग, केंद्र सरकार और भाजपा समर्थक मतदाताओं पर अनर्गल आरोप लगाना लोकतंत्र का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश के प्रबुद्ध मतदाताओं के सम्मान के खिलाफ है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री और मंत्री आपदा राहत और सदन की चर्चा छोड़कर चुनावी अभियानों में व्यस्त रहे हों। प्रदेश में आपदा प्रभावित लोग राहत की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि सरकार आगामी चुनावों में हार के बहाने ढूंढने में लगी है।

उन्होंने सरकार के भीतर अंतर्कलह, मंत्रियों की विवशता और अधिकारियों की मनमानी का भी जिक्र किया। आपदा राहत के लिए तय धनराशि से सरकार के तीन साल पूरे होने का जश्न मनाने को उन्होंने संवेदनहीनता का प्रतीक बताया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा को मिल रहा जनसमर्थन, कांग्रेस की लगातार हार और तीन साल के जश्न से जनता का दूरी बनाना सरकार की अलोकप्रियता को दर्शाता है। मंचों पर हुए विवाद और गुटबाजी से कांग्रेस कार्यकर्ता भी हताश हैं।


चालदा महासू महाराज का स्वागत

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सिरमौर जिले के पश्मी गांव में छत्रधारी चालदा महासू महाराज के पावन आगमन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाराज का एक वर्ष तक पश्मी गांव में विराजमान रहना समस्त हिमाचल के लिए सौभाग्य और आशीर्वाद का प्रतीक है।

उन्होंने देवता से हिमाचल को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने, प्रदेशवासियों को सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव प्रदान करने की कामना की।