Follow Us:

जयराम ठाकुर ने मंडी में मनाया भाजपा की जीत का जश्न

मंडी के सेरी मंच से जयराम ठाकुर ने भाजपा की जीत का मनाया जश्न
तीन राज्यों में प्रचंड बहुमत को जनता के भरोसे और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया
पीएम मोदी सहित शीर्ष नेतृत्व और जनता को दी बधाई, बंगाल में बदलाव का दावा



हिमाचल प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच से भव्य जश्न मनाया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिठाइयाँ बाँटी गईं और जीत की खुशी में जमकर जश्न मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा माहौल पार्टी के नारों से गूंज उठा।

मीडिया से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा को तीन राज्यों में मिली यह प्रचंड जीत जनता के अटूट विश्वास, पार्टी की दीर्घकालिक रणनीति और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी लंबे समय से इन राज्यों में संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को उठाने के लिए काम कर रही थी, जिसका परिणाम अब सामने आया है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल के संदर्भ में कहा कि वहां की जनता गुंडागर्दी, अराजकता, भ्रष्टाचार और हिंसा से परेशान थी और इस बार उन्होंने बदलाव के लिए मतदान किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि बंगाल के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकासवादी और पारदर्शी राजनीति पर भरोसा जताया है और भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने दावा किया कि अब बंगाल में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे और राज्य भय व अराजकता की राजनीति से मुक्त होगा।

जयराम ठाकुर ने आगे कहा कि असम और पुडुचेरी में भी जनता ने भाजपा को आशीर्वाद देकर पार्टी की नीतियों पर मुहर लगाई है। उन्होंने इस जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, चुनाव प्रचार में जुटे सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने देवतुल्य जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह जीत पूरी तरह से जनता की जीत है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, भाजपा की इस जीत को राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह आने वाले चुनावों से पहले पार्टी के लिए मजबूत संदेश के रूप में देखी जा रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी इस जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।