Follow Us:

सरकार लाशें निकालने के लिए भी सड़क नहीं बनने दे रही: जयराम ठाकुर

➤ सरकार आपदा प्रभावितों को सड़क तक नहीं बनने दे रही: जयराम ठाकुर
➤ हाईकोर्ट के निर्देशों के बावजूद सड़क निर्माण रोकना अमानवीय बताया
➤ नेता प्रतिपक्ष बोले—हर हाल में जनता के साथ खड़े रहेंगे हम



मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार इतनी संवेदनहीन हो चुकी है कि मलबे में दबे लोगों की लाशें निकालने के लिए भी सड़क नहीं बनने दे रही। उन्होंने कहा कि यह शासन नहीं, बल्कि अमानवीयता का प्रतीक बन गया है।

सराज विधानसभा क्षेत्र के धरबार थाच और बागा चुनोगी में आपदा प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे जयराम ठाकुर ने कहा कि पांडव शिला से धार के बीच की सड़क आपदा में बह गई थी, जिसे हाई कोर्ट ने एंबुलेंस रोड के रूप में दोबारा बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन सरकार ने एक स्थानीय कांग्रेसी नेता के दबाव में आकर न केवल निर्माण कार्य रोक दिया बल्कि स्थानीय लोगों पर एफआईआर दर्ज कर दी और सड़क बना रही मशीन को जब्त कर लिया।

उन्होंने कहा कि यह वही सड़क है, जो मृतकों की खोज के लिए जरूरी थी, लेकिन सरकार ने न संवेदना दिखाई और न ही जिम्मेदारी। तीन लाशें अब भी मलबे में दबी हैं, परिजनों की गुहार है कि सड़क बने ताकि मशीनें वहां पहुंचकर शवों को निकाला जा सके, पर सरकार उनकी पीड़ा तक नहीं सुन रही।

जयराम ठाकुर ने कहा कि लोगों को डेढ़ घंटे पैदल चलना पड़ रहा है, बीमार और बुजुर्ग तकलीफ झेल रहे हैं। हाल ही में एक बच्चा ढांक से गिरकर घायल हुआ और उसे गंभीर हेड इंजरी आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी सरकार का क्या औचित्य है, जो लोगों की तकलीफों पर राजनीति कर रही है

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है, अब उन्हें तय करना होगा कि वे लोगों के साथ हैं या अन्याय के साथ। उन्होंने कहा कि अगर सरकार तानाशाही रवैया अपनाती है तो हम भी जनता के साथ खड़े रहकर हर अत्याचार का मुकाबला करेंगे।

जयराम ठाकुर भावुक भी हुए जब वे अपने गोद लिए हुए बागा चुनोगी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों से मुलाकात की और कहा कि बच्चों के बीच जाना हमेशा प्रेरणादायक होता है। उन्होंने कहा, “बच्चों के चेहरों में अपना बचपन दिखता है, और उनका उत्साह हमें आगे बढ़ने की ताकत देता है।”
उन्होंने छात्रों से मेहनत करने, अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।