➤ आनंदपुर साहिब–नंगल डैम सेक्शन में शरारती तत्वों ने ट्रेन को बनाया निशाना
➤ कोच के शीशे चकनाचूर, दहशत के बीच कोई यात्री घायल नहीं
➤ आरपीएफ ने बढ़ाई गश्त, आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज
मंगलवार रात जनशताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। वारदात आनंदपुर साहिब से नंगल डैम रेलवे सेक्शन के बीच, जिंदबड़ी क्षेत्र के पास हुई, जहां अज्ञात शरारती तत्वों ने चलते ट्रेन को निशाना बनाकर पत्थर फेंके। पथराव से एक कोच के शीशे टूट गए, हालांकि राहत की बात रही कि कोई यात्री घायल नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, जनशताब्दी एक्सप्रेस नई दिल्ली से ऊना की ओर आ रही थी। घटना के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पथराव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस सेक्शन में जनशताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की यह पहली घटना है। इससे पहले इसी रूट पर आनंदपुर साहिब–अंब अंदौरा सेक्शन के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस पर तीन से चार बार पथराव की घटनाएं हो चुकी हैं।
लगातार घटनाओं को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इस क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों और बच्चों को जागरूक भी किया गया था तथा पत्थरबाजी में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। फिलहाल, पथराव करने वालों की पहचान नहीं हो पाई है। रेलवे और RPF की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।



