Follow Us:

हमीरपुर को मिलेगी बड़ी सौगात, हेलीपोर्ट और बस अड्डा जल्द तैयार, सीएम ने दिए निर्देश

जसकोट हेलीपोर्ट का मई तक निर्माण पूरा करने के निर्देश
हमीरपुर में 123 करोड़ के बस अड्डे का भी किया निरीक्षण
पर्यटन और कनेक्टिविटी को बताया आर्थिक सुदृढ़ता की कुंजी


हमीरपुर जिला के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जसकोट में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट परियोजना और हमीरपुर में बन रहे बस अड्डे का निरीक्षण किया। 18 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे जसकोट हेलीपोर्ट का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और इसे इसी वर्ष मई माह तक हर हाल में पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई सुविधाओं से न केवल पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि दूरदराज क्षेत्रों को भी सीधा लाभ मिलेगा। पर्यटन के विस्तार से प्रदेश की आर्थिकी मजबूत होगी और युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि सरकार प्रत्येक जिला मुख्यालय और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हेलीपोर्ट विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। हाल ही में संजौली हेलीपोर्ट से चंडीगढ़ और रिकांगपिओ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू की गई हैं, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिल रही है। इसके अतिरिक्त संजौली-रामपुर-रिकांगपिओ तथा संजौली-मनाली (सासे हेलीपैड) मार्गों पर भी शीघ्र सेवाएं आरंभ करने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने 123 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हमीरपुर बस अड्डे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिला के लिए बड़ी सौगात साबित होगी और आधुनिक सुविधाओं से लैस बस अड्डा यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, रणजीत सिंह, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा, सुभाष ढटवालिया, रूबल ठाकुर, सचिव एम सुधा देवी, आशीष सिंघमार, उपायुक्त गंधर्व राठौर, पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।