➤ जोगिंदर नगर में राज्यस्तरीय लघु शिवरात्रि मेले का भव्य शुभारंभ, निकली देव जलेब
➤ राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने पूजा-अर्चना के बाद फहराया मेला ध्वज
➤ एक से पांच अप्रैल तक चलेगा मेला, देव संस्कृति और लोक परंपराओं की दिखेगी झलक
मंडी। हिमाचल की समृद्ध देव परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक राज्यस्तरीय लघु शिवरात्रि मेला, जोगिंदर नगर बुधवार को पूरे धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ शुरू हो गया। एक से पांच अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस मेले का विधिवत शुभारंभ पुराने मेला मैदान में हुआ, जहां चौहार घाटी के आराध्य देव श्री हुरंग नारायण और देव श्री पशाकोट सहित अनेक देवी-देवताओं की उपस्थिति में पारंपरिक भव्य जलेब निकाली गई।
मेले के शुभारंभ से पहले पुराने मेला मैदान में देवी-देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद आराध्य देवों की अगुवाई में निकली जलेब ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय और उत्सवी माहौल से भर दिया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, देव रथों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच निकली इस जलेब ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने जलेब की अगवानी की। इसके बाद सांसद ने मेला मैदान जोगिंदर नगर में मेला ध्वज फहराकर मेले का औपचारिक शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में अनुराग शर्मा ने प्रदेशवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेले और त्योहार हमारी पुरातन संस्कृति और जीवन शैली की आत्मा हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोक उत्सव समाज में नई ऊर्जा, उत्साह और उल्लास का संचार करते हैं। उन्होंने हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति को प्रदेश की विशिष्ट पहचान बताते हुए कहा कि हर वर्ष सैकड़ों देवी-देवता यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के आयोजनों से जहां हमारी प्राचीन परंपराओं को मजबूती मिलती है, वहीं नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और सहेजने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने आमजन से इस पुरातन संस्कृति को संरक्षित रखने में सहयोग की अपील की।
सांसद ने अपने संबोधन में समाज में फैल रही चिट्टे (नशे) की बुराई पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि पुलिस प्रशासन इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने लोगों से भी प्रशासन और सरकार का सहयोग करने का आह्वान किया।
मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिंदर नगर मनीष चौधरी ने मुख्य अतिथि और सभी देवी-देवताओं का स्वागत करते हुए मेले की रूपरेखा और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। साथ ही मेला अवधि के दौरान समुचित साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।



