➤ जोगिंद्रनगर में जीत का जश्न अचानक अफरातफरी में बदला, उग्र सांड ने भीड़ पर किया हमला
➤ सांड के हमले में सात लोग घायल, पुलिसकर्मी और चुनाव कर्मचारी भागकर बचाए जान
➤ घटना के बाद लोगों में दहशत, शहर में लावारिस पशुओं पर कार्रवाई की मांग तेज
जोगिंद्रनगर में नगर निकाय चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद रविवार देर शाम जीत का जश्न अचानक अफरातफरी और दहशत में बदल गया। मंडी जिले के जोगिंद्रनगर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक उग्र सांड ने भीड़ के बीच घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। घटना पुलिस थाना के पास स्थित राजकीय बाल पाठशाला जोगिंद्रनगर के मुख्य गेट के नजदीक हुई, जहां चुनाव परिणामों के बाद समर्थक जश्न मना रहे थे।
जानकारी के अनुसार नगर निकाय चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद प्रत्याशी, समर्थक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद थे। ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के बीच माहौल पूरी तरह उत्सवमय था। इसी दौरान अचानक एक सांड भीड़ के बीच बेकाबू हो गया और लोगों की तरफ दौड़ पड़ा। देखते ही देखते मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड काफी आक्रामक स्थिति में था और भीड़ को चीरते हुए मतगणना स्थल की ओर भागने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने भी भागकर खुद को सुरक्षित किया। कई लोग गिरते-पड़ते नजर आए, जबकि कुछ ने दुकानों और इमारतों के अंदर घुसकर जान बचाई।
सांड के हमले में स्थानीय निवासी राज सहित कुल सात लोग घायल हुए हैं। घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार स्थानीय स्तर पर कराया गया। हालांकि घटना के बाद पूरे इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा। चुनावी जीत का जश्न अचानक चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गया, जिससे लोग सहम गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि शहर में लंबे समय से लावारिस पशुओं की समस्या बनी हुई है, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा पशुओं को तुरंत हटाया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव परिणामों के दौरान भारी भीड़ जमा थी, ऐसे में प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए थी। फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।



