Follow Us:

चोरों ने सेवानिवृत्त कर्नल के घर से उड़ाई नगदी और आभूषण

➤ जोगिंदरनगर के पस्सलहार में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना
➤ 40 हजार रुपए नकदी और जेवरात चोरी, सामान बिखरा मिला
➤ पीड़ित ने नशेड़ी तत्वों पर जताया शक, पुलिस से कार्रवाई की मांग



मंडी जिले के जोगिंदरनगर उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत चौन्तड़ा के गांव पस्सलहार में सेवानिवृत्त कर्नल रूप सिंह के घर में चोरी की वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई जब कर्नल रूप सिंह अपनी धर्मपत्नी के साथ बेटी से मिलने बेंगलुरु गए हुए थे और बाद में किसी कार्य से पंचकूला चले गए।

दो दिन पहले पड़ोस के एक युवक का फोन आने पर उन्हें घटना का पता चला। वीडियो कॉल के माध्यम से जब घर का हाल देखा गया तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब 40 हजार रुपए नकदी और जेवरात गायब पाए गए।

पीड़ित ने आशंका जताई है कि वारदात को अंजाम देने वाले लोग नशे की लत से जुड़े हो सकते हैं, जो दिन में इलाके की रेकी करते हैं और रात के समय बंद घरों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने इसे क्षेत्र में बढ़ती गंभीर समस्या बताया।

कर्नल रूप सिंह ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि ऐसे तत्वों पर सख्ती से नकेल कसी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।