➤ केंद्र से हजारों करोड़ मिलने के बावजूद हिमाचल में विकास ठप: नड्डा
➤ एडहॉक सरकार, बंद ट्रेज़री और आपसी कलह से व्यवस्था चरमराई
➤ भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर कांग्रेस की सच्चाई बताएंगे
पराक्रम चंद
शिमला में आयोजित अभिनंदन रैली को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से हजारों करोड़ रुपये लेने के बावजूद धरातल पर विकास दिखाई नहीं देता, जिससे कांग्रेस की नाकाम और झूठी सरकार पूरी तरह उजागर हो चुकी है।
नड्डा ने कहा कि हिमाचल में आज एडहॉक सरकार, बंद ट्रेज़री और आपसी कलह के कारण पूरी व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। विकास के पैसे दबाने वाली सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता को सच्चाई बताएंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संबोधन की शुरुआत माता तारा देवी और जाखू मंदिर के आराध्य बजरंग बली के स्मरण के साथ की। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराने का अवसर है।
जेपी नड्डा ने बिहार में मिली ऐतिहासिक जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों पर जनता की मजबूत मुहर है। उन्होंने कहा कि घुसपैठ और तुष्टीकरण की राजनीति को बिहार की जनता ने करारा जवाब दिया है और यह संदेश पूरे देश में जाएगा।
हिमाचल को लेकर नड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले ही उन्होंने आगाह किया था कि कांग्रेस को सत्ता में लाने से प्रदेश को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस की सोच केवल सत्ता सुख तक सीमित है।
संगठनात्मक विषयों पर बोलते हुए नड्डा ने कहा कि भाजपा के कार्यालय केवल इमारतें नहीं, बल्कि संस्कार और सेवा के केंद्र हैं। पार्टी ‘5 क’—कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कोर्स, कोष और कार्यालय के सिद्धांत पर चलती है और कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। देशभर में 787 कार्यालयों के निर्माण का लक्ष्य है, जिनमें से अधिकांश पूरे हो चुके हैं।
केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की राजनीति की दिशा बदली है। आज सरकार रिपोर्ट कार्ड की सरकार है—जो कहा वह किया और जो नहीं कहा, वह भी करके दिखाया। धारा 370 की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक का अंत, आयुष्मान भारत, स्वच्छता अभियान और तेज़ बुनियादी ढांचा विकास इसके उदाहरण हैं।
हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में नड्डा ने सवाल किया कि केंद्र ने प्रदेश को क्या कमी छोड़ी है। उन्होंने बताया कि आपदा राहत के लिए 3789 करोड़, स्मार्ट सिटी के लिए 1000 करोड़ से अधिक, एम्स बिलासपुर, मेडिकल कॉलेज, बल्क ड्रग पार्क, वाइब्रेंट विलेज योजना, फोरलेन परियोजनाएं और बद्दी को फार्मा हब के रूप में विकसित करने जैसे बड़े कार्य केंद्र की देन हैं। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार केंद्र पर झूठे आरोप लगा रही है।
नड्डा ने कहा कि केंद्र ने 2000 करोड़ से अधिक विशेष सहायता और 1442 करोड़ का जायका फंड दिया, लेकिन कांग्रेस सरकार कई योजनाओं में केवल 50 प्रतिशत राशि ही खर्च कर पाई। ऐसी सरकार जो मिले धन का उपयोग न कर सके, वह सत्ता में रहने योग्य नहीं है।



