➤ जेपी नड्डा ने CRI कसौली में Td वैक्सीन लॉन्च की
➤ टीटनेस और डिफ़्थीरिया से किशोरों, वयस्कों व गर्भवती महिलाओं को सुरक्षा
➤ अप्रैल 2026 तक 55 लाख डोज़ Universal Immunization Programme के तहत उपलब्ध होंगी
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले स्थित केंद्रीय अनुसंधान संस्थान (CRI) कसौली में नई Td वैक्सीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह स्वदेशी वैक्सीन सीआरआई के वैज्ञानिकों के प्रयासों का परिणाम है और इससे देश की टीकाकरण व्यवस्था और मजबूत होगी।
मंत्री ने बताया कि यह Td वैक्सीन किशोरों, वयस्कों और गर्भवती महिलाओं को टीटनेस और डिफ़्थीरिया जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करेगी। इसे पारंपरिक TT वैक्सीन की जगह लेने के लिए डिजाइन किया गया है, ताकि टीटनेस के साथ-साथ डिफ़्थीरिया के खिलाफ भी व्यापक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि भारत आज ड्रग्स, दवाओं और वैक्सीन निर्माण में विश्व स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है और इसमें CRI कसौली का 120 वर्षों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है।
सरकार के अनुसार यह वैक्सीन अब Universal Immunization Programme के तहत उपलब्ध करवाई जाएगी। लॉन्च के बाद अप्रैल 2026 तक करीब 55 लाख डोज़ उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है और भविष्य में इसकी आपूर्ति बढ़ाई जाएगी।
टीटनेस एक बैक्टीरियल संक्रमण है, जो क्लॉस्ट्रिडियम टेटानी नामक जीवाणु से होता है। यह मिट्टी, धूल और जानवरों की गंदगी में पाया जाता है और घाव के माध्यम से शरीर में प्रवेश कर तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है। इसके लक्षणों में मांसपेशियों की कठोरता, जबड़े में जकड़न, निगलने में कठिनाई और गंभीर मामलों में सांस लेने में समस्या शामिल है।
वहीं डिफ़्थीरिया कोराइनेबैक्टीरियम डिफ्थीरिए नामक जीवाणु से फैलता है और गले, श्वसन तंत्र व त्वचा को प्रभावित करता है। इससे गले में झिल्ली बनना, सांस लेने में कठिनाई, हृदय व तंत्रिका तंत्र पर दुष्प्रभाव और गंभीर स्थिति में मृत्यु तक हो सकती है।
कार्यक्रम में शिमला के सांसद सुरेश कश्यप, स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि और सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि यह कदम देश की जनस्वास्थ्य सुरक्षा को और सशक्त करेगा तथा स्वदेशी वैक्सीन उत्पादन में भारत की क्षमता को वैश्विक स्तर पर स्थापित करेगा।



