Follow Us:

नड्डा बोले- मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली हिमाचल की तस्वीर

जेपी नड्डा बोले- मोदी सरकार के 12 वर्षों में हिमाचल को मिली विकास की नई रफ्तार
एम्स बिलासपुर, मेडिकल कॉलेज और राष्ट्रीय राजमार्गों से बदली प्रदेश की तस्वीर
जल जीवन मिशन, उज्ज्वला और आवास योजनाओं से लाखों परिवारों को मिला लाभ


भारतीय जनता पार्टी के ’12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के तहत शिमला में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्ष भारत के इतिहास में परिवर्तनकारी और विकासोन्मुखी कालखंड के रूप में दर्ज हुए हैं। इन वर्षों में देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी विकास की गति अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है।

नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। एम्स बिलासपुर, नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। इससे न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है बल्कि दूरदराज के क्षेत्रों तक बेहतर संपर्क और विकास पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। हिमाचल प्रदेश में भी बड़ी संख्या में परिवार इन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पेयजल पहुंचा है, महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है और गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध हुए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 4399 दिनों तक देश के प्रधान सेवक के रूप में कार्य कर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं। यह 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प की मजबूत नींव पिछले 12 वर्षों में रखी जा चुकी है।

नड्डा ने राजनीतिक संस्कृति में आए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले राजनीति जातिवाद, परिवारवाद और भ्रष्टाचार जैसी चुनौतियों से घिरी हुई थी, लेकिन मोदी सरकार ने राजनीति को सेवा, सुशासन और जवाबदेही का माध्यम बनाया है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को सरकार की सफलता का आधार बताया।

अपने संबोधन में उन्होंने धारा 370 हटाने, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, तीन तलाक कानून और नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) जैसे फैसलों को ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि इन कदमों ने देश की दिशा और भविष्य को नई मजबूती प्रदान की है।

आधारभूत ढांचे में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि रेलवे विद्युतीकरण में 200 प्रतिशत वृद्धि हुई है और हिमाचल प्रदेश में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्गों, सुरंगों, फोरलेन परियोजनाओं और आधुनिक परिवहन नेटवर्क ने देश की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 376 से बढ़कर 820 से अधिक हो गई है। हिमाचल प्रदेश में चंबा, हमीरपुर और नाहन में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना तथा एम्स बिलासपुर का निर्माण प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हुआ है।

उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला है और रक्षा निर्यात में 5700 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं तकनीकी क्षेत्र में चंद्रयान-3, गगनयान मिशन, डिजिटल इंडिया, वंदे भारत ट्रेनें, आधुनिक एयरपोर्ट और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क भारत के बढ़ते आत्मविश्वास और प्रगति की पहचान बन चुके हैं।