Follow Us:

शिमला में जेपी नड्डा के ऐतिहासिक स्वागत ने बदली हिमाचल की राजनीति की दिशा : राजीव बिंदल

➤ शिमला में जेपी नड्डा के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा ने बताया ऐतिहासिक क्षण
➤ राजीव बिंदल बोले—कांग्रेस सरकार के अंत के स्पष्ट संकेत मिल चुके
➤ बिहार की प्रचंड जीत के बाद हिमाचल में भाजपा को जबरदस्त जनसमर्थन


भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा है कि 13 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के शिमला आगमन पर राजधानी में जिस तरह हजारों लोगों का जनसैलाब उमड़ा, वह हिमाचल की राजनीति की दिशा बदलने वाला क्षण है। उन्होंने इसे केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश के राजनीतिक भविष्य का स्पष्ट संकेत बताया।

राजीव बिंदल ने कहा कि बिहार में भाजपा और एनडीए की प्रचंड जीत के बाद यह नड्डा का पहला हिमाचल प्रवास था। इस दौरान जिस प्रकार का उत्साह, जोश और जनसमर्थन देखने को मिला, उसने यह साबित कर दिया कि हिमाचल का जनमानस अब वर्तमान कांग्रेस सरकार से पूरी तरह निराश हो चुका है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 4 दिसंबर को धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में कांग्रेस सरकार के तीन वर्षों के कुशासन और नाकामियों के खिलाफ जिस आक्रोश के साथ जनता सड़कों पर उतरी थी, उसी कड़ी में 13 दिसंबर का शिमला कार्यक्रम दूसरा बड़ा राजनीतिक संदेश है। उन्होंने दावा किया कि यह साफ संकेत है कि हिमाचल की सत्ता कांग्रेस के हाथों में ज्यादा समय तक नहीं रहने वाली

राजीव बिंदल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संबोधन में तथ्यों के साथ प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल के विकास और कल्याण के लिए लगातार सहयोग कर रही है, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार उन्हीं योजनाओं को रोककर जनता के हितों से खिलवाड़ कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने 13 दिसंबर को हुए इस भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी आयोजकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्टी टीम को बधाई दी। उन्होंने शिमला संसदीय क्षेत्र, किन्नौर, स्पीति, आनी और करसोग से पहुंचे कार्यकर्ताओं का विशेष आभार जताया और प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया, जिन्होंने बड़ी संख्या में पहुंचकर भाजपा नेतृत्व का गर्मजोशी से स्वागत किया।