➤ चीन में वॉलीबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मान
➤ जुब्बल का कन्या खेल छात्रावास प्रदेश का सबसे बड़ा प्रशिक्षण केंद्र बना
➤ शिक्षा मंत्री ने राजकीय चिकित्सालय जुब्बल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने ठाकुर रामलाल स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुब्बल में आयोजित समारोह के दौरान ठाकुर रामलाल कन्या खेल छात्रावास की उन छात्राओं को सम्मानित किया, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने जुब्बल की ख्याति (धान्टा), कोटखाई की प्रीति और सिरमौर की रिया को चीन में आयोजित आईएसएफ अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। तीनों छात्राएं खेल छात्रावास में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ठाकुर रामलाल स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट विद्यालय जुब्बल क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है, जिसे अब सीबीएसई से मान्यता प्राप्त हो चुकी है। इससे आने वाले समय में शिक्षा के स्तर में सुधार होगा और यह संस्थान नए शैक्षणिक आयाम स्थापित करेगा।

उन्होंने बताया कि यह खेल छात्रावास जिला शिमला का प्रमुख खेल प्रशिक्षण केंद्र है। वर्तमान में यहां 55 छात्राएं वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रही हैं। वर्ष 2025 में 33 छात्राएं राष्ट्रीय स्तर और 3 छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुई हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार खेलों को लेकर गंभीर है। प्रदेशभर में 9 खेल छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें ठाकुर रामलाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कन्या खेल छात्रावास सबसे बड़े छात्रावास के रूप में उभर रहा है। इस छात्रावास की स्थापना 1987 में हुई थी और पिछले दो वर्षों में यहां कबड्डी और बैडमिंटन को भी शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि 2 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से छात्रावास का नया भवन तैयार किया गया है, जिससे छात्राओं को बेहतर प्रशिक्षण और आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 से बढ़ाकर 220 रुपये की गई है और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सरकार द्वारा सम्मानित किया जा रहा है।

अपने दौरे के अगले चरण में शिक्षा मंत्री राजकीय चिकित्सालय जुब्बल पहुंचे और अस्पताल में चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर और सुदृढ़ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में ईसीजी मशीन स्थापित कर दी गई है और एक्स-रे मशीन को दुरुस्त कर दिया गया है। सर्दी के मौसम को देखते हुए मरीजों के लिए हीटर, कंबल और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही नर्सिंग और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के रिक्त पद भरने का आश्वासन दिया।
शिक्षा मंत्री ने बढ़ाल पंचायत के सरहाना गांव निवासी शेर सिंह शर्मा को सम्मानित किया। वे पंचायती राज विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और कई वर्षों से हर माह अपनी पेंशन से 1000 रुपये अस्पताल प्रशासन को दान कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने उनके सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं।



