➤ गुम्मन-कोटी के बीच ट्रैक पर मलबा आने से कालका-शिमला एक्सप्रेस रोकी गई
➤ कोटी स्टेशन पर फंसे 172 यात्रियों को सेना के तीन वाहनों से सुरक्षित कालका पहुंचाया गया
➤ लगातार बारिश के बीच रेलवे ने मलबा हटाने का काम शुरू कर रेल यातायात बहाली के प्रयास तेज किए
कालका-शिमला रेल मार्ग पर बुधवार को गुम्मन और कोटी स्टेशनों के बीच पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया। ट्रैक पर मलबा आने से ट्रेन संख्या 52458 कालका-शिमला एक्सप्रेस को कोटी स्टेशन पर रोकना पड़ा।
रेलवे को दोपहर करीब 3:15 बजे ट्रैक पर मलबा आने की सूचना मिली। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेन को दोपहर करीब 3:28 बजे कोटी स्टेशन पर रोक दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के निर्देश पर कर्मचारियों ने तत्काल ट्रैक से मलबा हटाने और रेल यातायात बहाल करने का काम शुरू किया। हालांकि, क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण कालका और आसपास के इलाकों में सड़क यातायात भी प्रभावित था। ऐसे में यात्रियों को सड़क मार्ग से सुरक्षित निकालना चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।
सेना ने उपलब्ध कराए तीन वाहन
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए रेलवे ने स्थानीय सेना अधिकारियों से संपर्क किया। सेना की ओर से तीन वाहन उपलब्ध कराए गए, जो शाम करीब 6:10 बजे कोटी स्टेशन पहुंचे।
इन वाहनों की मदद से ट्रेन में सवार सभी 172 यात्रियों को सुरक्षित कालका रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। यात्री करीब 7:20 बजे कालका स्टेशन पहुंचे।
कालका पहुंचने के बाद रेलवे की ओर से यात्रियों के लिए पीने के पानी और जलपान की व्यवस्था की गई। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के साथ उनकी अन्य आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा।
रेलवे ने यात्रियों को सुरक्षित निकालने में समय पर सहयोग और समन्वय के लिए स्थानीय सेना अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। लगातार बारिश के बीच रेल मार्ग पर मलबा हटाने और यातायात सामान्य करने का काम जारी रहा।



