➤ कंगना बोलीं- पाकिस्तान से आ रहा नशा, बच्चे गहने बेच रहे, घर तोड़फोड़ कर रहे
➤ हिमाचल की मंडी से सांसद बनने के बाद पहली बार ड्रग्स पर कंगना का सख्त बयान
➤ पंजाब सरकार ने किया पलटवार- कहा, ऊल-जुलूल बयान देकर चर्चा में रहती हैं कंगना
हिमाचल प्रदेश में नशे की बढ़ती समस्या को लेकर मंडी से सांसद और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने गंभीर चिंता जताई है। शुक्रवार को दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए कंगना ने कहा कि “हिमाचल में ड्रग्स से हालात गंभीर हो चुके हैं। अगर अभी भी हमने कड़े कदम नहीं उठाए, तो यहां पंजाब जैसे गांव बन जाएंगे, जहां सिर्फ महिलाएं और विधवाएं बची हैं।”
कंगना ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते हिमाचल में नशा पहुंच रहा है और इससे युवा तबाह हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “बच्चे अपने माता-पिता के गहने बेच रहे हैं, खुद को कमरों में बंद कर लेते हैं, चीखते हैं, घरों में तोड़फोड़ करते हैं और चोरी तक कर रहे हैं। यह मौत से भी बदतर स्थिति है।”
कंगना के इस बयान पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, “कंगना को अपने बयानों पर संयम रखना चाहिए। वह अक्सर ऊल-जुलूल और बेतुकी बातें करती हैं ताकि मीडिया में बनी रहें। उन्हें समाज और महिलाओं की सही समझ नहीं है।”
कंगना इससे पहले भी कई विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रही हैं। किसान आंदोलन के समय उन्होंने महिला किसानों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। 2024 में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि किसान आंदोलन के दौरान पंजाब में रेप और मर्डर तक हुए थे, और अगर नेतृत्व मजबूत न होता तो पंजाब को बांग्लादेश बना दिया जाता।



