Follow Us:

राम मंदिर पर कांग्रेस की राजनीति अब नहीं चलेगी, जनता सब जानती है: कंगना रनौत, सांसद मंडी

कंगना रनौत ने कांग्रेस पर राम मंदिर को लेकर राजनीति करने का लगाया आरोप

बोलीं- वर्षों विरोध करने वाली कांग्रेस अब आस्था के मुद्दे का ले रही सहारा

मंदिरों की संपत्ति और धार्मिक आस्था को लेकर हिमाचल सरकार पर भी साधा निशाना


मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस पार्टी पर भगवान श्रीराम और राम मंदिर के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में राम मंदिर को लेकर राजनीतिक एजेंडा खड़ा करने की कोशिश कर रही है, लेकिन उसे इसमें पूरी तरह विफलता मिली है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश और देश की जनता कांग्रेस के दोहरे रवैये को भलीभांति समझ चुकी है।

कंगना रनौत ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था के केंद्र हैं और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण सदियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद संभव हो पाया है। उनके अनुसार कांग्रेस ने लंबे समय तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और उसके मार्ग में बाधाएं खड़ी करने का प्रयास किया। अब जब भव्य राम मंदिर बन चुका है और देश की जनता उससे भावनात्मक रूप से जुड़ चुकी है, तब कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए उसी मुद्दे का सहारा लेने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार का कार्यकाल भी जनता के सामने है। उनके अनुसार राज्य सरकार ने मंदिरों की संपत्ति और मंदिरों के धन का उपयोग सरकारी योजनाओं में करने का प्रयास किया तथा देवस्थानों के संसाधनों पर अधिकार जताने की कोशिश की। ऐसे में कांग्रेस नेताओं द्वारा अब राम मंदिर और धार्मिक आस्था की बात करना केवल राजनीतिक अवसरवाद को दर्शाता है।

सांसद ने कहा कि जनता धार्मिक आस्था और राजनीतिक बयानबाजी के बीच का अंतर अच्छी तरह समझती है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल प्रदेश की जनता भविष्य में भी ऐसे मुद्दों पर अपना निर्णय तथ्यों और जनहित के आधार पर करेगी।