-
मंडी सांसद कंगना रनौत का जोगिंदरनगर में पहला दौरा
-
प्रदेश सरकार पर बोला हमला, कहा- कांग्रेस राज में बहुत बिगड़े हालात
-
हिमाचल की संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़ाव जताया
Kangana Ranaut Himachal Visit: मंडी लोकसभा सीट से सांसद बनीं कंगना रनौत ने सोमवार को अपने पहले जोगिंदरनगर दौरे में प्रदेश कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। जोगिंदरनगर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। विधायक प्रकाश राणा समेत भाजपा के पदाधिकारियों और मंडल लडभड़ोल के सदस्यों ने उन्हें फूल माला और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान स्थानीय लोगों की भारी भीड़ भी कंगना को देखने पहुंची।
जनसभा को संबोधित करते हुए कंगना रनौत ने पहाड़ी अंदाज में कहा कि उन्हें बॉलीवुड में रहते हुए भी हिमाचल आने की तड़प रहती थी। उन्होंने कहा- “घर जो कदी जाना कड़ी जाना।” उन्होंने कहा कि अब जब वह सांसद बनी हैं तो वह लगातार प्रदेश के दौरे करेंगी और लोगों से मिलेंगी।
प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कंगना ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल की हालत काफी ज्यादा खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने प्रदेश की दुर्दशा देखकर बेहद दुख होता है। मंडी की महिलाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार पर आरोप लगाए कि कांग्रेस सरकार यहां की महिलाओं की छवि खराब कर रही है।
उन्होंने हिमाचल की संस्कृति को अपनी पहचान बताते हुए कहा कि यहां की परंपराएं और लोगों की सादगी देशभर में अलग पहचान रखती हैं। विधायक प्रकाश राणा के सहयोग के लिए उन्होंने आभार जताया और कहा कि सरकार की नाकामियों को वह संसद में भी उठाएंगी।



