Follow Us:

कांगड़ा: ज्वाली के 106 वर्षीय सेवतंत्रता सेनानी कश्मीर सिंह का लंबी बीमार के बाद निधन

मृत्युंजय पुरी |

विधानसभा क्षेत्र जवाली के अन्तर्गत ग्राम पंचायत जोल के स्वतन्त्रता सेनानी कश्मीर सिंह (106) पुत्र स्वर्गीय बूटा राम निवासी जोल का लंबी बीमारी के चलते शुक्रवार देर रात्रि 12:30 बजे निधन हो गया। स्वतंत्रता सेनानी के निधन से इलाका में शोक की लहर दौड़ गई। स्वतंत्रता सेनानी कश्मीर सिंह ने नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की आजाद हिंद फ़ौज में सेवाएं दी थीं। स्वतंत्रता सेनानी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जोल में राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

एसडीएम जवाली कृष्ण कुमार शर्मा की मौजूदगी में पुलिस टुकडी द्वारा स्वतंत्रता सेनानी को हवाई फायर दागकर सलामी दी गई। जवाली के विधायक अर्जुन सिंह, एसडीएम जवाली कृष्ण कुमार शर्मा, तहसीलदार संत राम नागर, डीएसपी जवाली सिद्धार्थ शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानी को पुष्प चक्र चढ़ा कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी। 

जवाली के विधायक अर्जुन सिंह ने कहा कि इन जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के कारण ही हमारे देश को गुलामी से मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि जवाली ने नायाब हीरा खोया है तथा उनकी सेवाओं को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी को युगों-युगों तक याद किया जाएगा। इस मौके पर भाली पंचायत प्रधान मुंशी शर्मा, पूर्व प्रधान जोल कुलदीप सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष योगराज मैहरा, मंडल अध्यक्ष जवाली भाजपा उत्तम धीमान इत्यादि मौजूद रहे।