➤ कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए 460 करोड़ रुपये जारी, कार्य प्रगति पर
➤ ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सुनीं जनता की शिकायतें
➤ टांडा मेडिकल कॉलेज में 28 करोड़ की पैट स्कैन मशीन लगाने की घोषणा
कांगड़ा जिला के धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तंगरोटी में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जन शिकायतें सुनीं और कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। उन्होंने स्थानीय महिला मंडलों के लिए एक-एक लाख रुपये, साथ ही रामेड़–तंगरोटी संपर्क मार्ग, तंगरोटी मार्ग की टारिंग और अन्य सड़कों के लिए धनराशि जारी करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कांगड़ा को पर्यटन राजधानी घोषित किया है और क्षेत्र में पर्यटन परियोजनाएँ तेजी से लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए 460 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिसके पूरा होने पर पर्यटक संख्या बढ़ने के साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि सरकार ने गाय के दूध का समर्थन मूल्य 51 रुपये, जबकि भैंस के दूध का 61 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देते हुए गेहूं 60 रुपये, मक्की 40 रुपये और कच्ची हल्दी 90 रुपये प्रति किलोग्राम के दर पर खरीदी जा रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को घर–द्वार रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। धर्मशाला उपचुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी बहुत कम अंतर से हारे और क्षेत्र का जन समर्थन उनके साथ है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में सुधारों के परिणामस्वरूप हिमाचल अब 99.30% साक्षरता के साथ पूर्ण साक्षर राज्य बन चुका है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में देश में 5वें स्थान पर है, जबकि पिछली सरकार के समय यह स्थान 21वां था।
स्वास्थ्य क्षेत्र में पहली बार बड़े स्तर पर सुधार हुए हैं। कांगड़ा के टांडा और शिमला के चमियाना अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी शुरू हो चुकी है। टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए 28 करोड़ की पैट स्कैन मशीन, एडवांस्ड सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनों की स्थापना भी प्रगति पर है।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने सरकार की कल्याणकारी पहलों को जनता तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में अनेक पंचायत प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



