➤ अपरैड गांव में पांच लाख से बनने वाले महिला मंडल भवन की नींव
➤ वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से महिलाओं में खुशी
➤ पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू ने विकास को बताया जनशक्ति का परिणाम
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के अपरैड गांव में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। “चलो गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू ने पांच लाख रुपये की लागत से बनने वाले महिला मंडल कॉमन काज भवन की नींव रखी।
महिला मंडल भवन की नींव रखे जाने के साथ ही पूरे गांव और महिला जनशक्ति में खुशी की लहर दौड़ गई। गांव की महिलाएं लंबे समय से इस भवन की मांग कर रही थीं, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।

इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू ने कहा कि विकास कार्य जनशक्ति के सहयोग और आशीर्वाद से संभव हो रहे हैं और यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला मंडल भवन के साथ-साथ पुरुष भवन और युवक मंडल भवन भी बनाए जा रहे हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि विधायक न होने के बावजूद वे लगातार क्षेत्र के विकास में सक्रिय हैं, क्योंकि उनके साथ जनता, कांग्रेस पार्टी और कार्यकर्ताओं का भरोसा है। उन्होंने कहा कि वे किसी सरकारी ओहदे के बल पर नहीं, बल्कि एक कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र उनकी कर्मभूमि है और वे जनता के वोट के ऋणी हैं। विकास कार्यों के माध्यम से जनता का यह कर्ज चुकाते रहेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास की यह लड़ाई रुकने वाली नहीं है और कार्यकर्ताओं का हौसला बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।



