➤ बड़े सरकारी आयोजनों में हिमाचली कलाकारों की अनदेखी का आरोप
➤ बाहरी कलाकारों को तरजीह देना प्रदेश की प्रतिभा का अपमान बताया
➤ बोले– हिमाचल का पैसा हिमाचल के युवाओं पर ही खर्च होना चाहिए
भाजपा सोशल मीडिया सह-संयोजक श्रेय अवस्थी ने हिमाचल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार अपने ही युवाओं और कलाकारों के साथ घोर अन्याय कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांगड़ा कार्निवल जैसे बड़े राज्य स्तरीय आयोजनों में हिमाचली कलाकारों को दरकिनार कर बाहरी कलाकारों को मंच देना न केवल शर्मनाक है, बल्कि जनता के विश्वास के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।
श्रेय अवस्थी ने कहा कि जब प्रदेश बेरोज़गारी और आर्थिक संकट से जूझ रहा है, ऐसे समय में स्थानीय कलाकारों की उपेक्षा करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मंडी आपदा और अन्य कठिन परिस्थितियों के दौरान जब प्रदेश मुश्किल में था, तब हिमाचली कलाकार ही जनता के साथ खड़े रहे, उन्होंने लोगों को भावनात्मक सहारा दिया और हौसला बढ़ाया।
उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय कई बाहरी बड़े कलाकार नजर तक नहीं आए, लेकिन आज वही लोग त्योहारों और आयोजनों में कमाई के लिए मंच पर छाए हुए हैं। अवस्थी ने कहा कि कठिन समय में हिमाचल के साथ खड़े रहने वाले कलाकार ही असली नायक हैं और उनकी मेहनत, जज़्बे और कला पर पहला अधिकार हिमाचल का ही है।
सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो सरकार एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा पूरा नहीं कर पाई, उसे कम से कम युवाओं से मंच और अवसर छीनने का अधिकार भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब रोजगार नहीं दे सके, तो कम से कम स्थानीय कलाकारों को मंच, सम्मान और अवसर तो दिया जाए।
श्रेय अवस्थी ने दो टूक कहा कि सरकारी आयोजनों पर खर्च होने वाला हर रुपया हिमाचल की जनता का पैसा है, और इस पर पहला हक हिमाचल के युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं का होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सांस्कृतिक उपेक्षा हिमाचली अस्मिता पर सीधा हमला है, जिसे अब जनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।



