Follow Us:

पुराना कांगड़ा में 22 लाख से बने फॉरेस्ट विश्राम गृह का उद्घाटन

➤ पुराना कांगड़ा में 22 लाख रुपये की लागत से बना फॉरेस्ट विश्राम गृह जनता को समर्पित
➤ अजय वर्मा बोले– वन संपदा हिमाचल का ताज, संरक्षण में अधिकारियों की अहम भूमिका
➤ पर्यटन और एडवेंचर गतिविधियों के लिए क्षेत्र में नई संभावनाओं पर जोर



कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के पुराना कांगड़ा में 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित फॉरेस्ट विश्राम गृह का बुधवार को उद्घाटन किया गया। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने इसका लोकार्पण करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और प्रदेश सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।

कार्यक्रम में एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल, डीएफओ अमित शर्मा, डीएम पंकज चड्ढा, एससीएफ दौलत राम, आरओ संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता रवि भूषण सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान डीएफओ अमित शर्मा ने मुख्य अतिथि अजय वर्मा को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया।

अजय वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पुराना कांगड़ा ऐतिहासिक और प्राकृतिक दृष्टि से बेहद समृद्ध क्षेत्र है। यहां प्रकृति का विशेष आशीर्वाद है और यह नया विश्राम गृह पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 22 लाख रुपये खर्च किए गए हैं और भविष्य में यहां और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांगड़ा क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई विकास कार्य किए गए हैं। साथ ही क्षेत्र को सुंदर और पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया गया है।

मुख्य अतिथि ने अधिकारियों के साथ इस क्षेत्र को पर्यटन और एडवेंचर हब के रूप में विकसित करने पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस स्थान को और विकसित करने के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी।

इससे पहले एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल ने कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने यहां ग्लास ब्रिज और बंजी जंपिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों के विकास की संभावनाओं पर भी जोर दिया।

डीएफओ अमित शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में वन संपदा की रक्षा का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि आगजनी जैसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत विभाग को दें।