कर्फ्यू और लॉकडाउन में पालमपुर प्रशासन द्वारा लोगों को घरद्वार दवाई पहुंचाने का कार्य रामबाण साबित हो रहा है। जरूरतमंद लोगों को दवाई घरद्वार उपलब्ध करवाने के लिए पालमपुर प्रशासन की हेल्पलाइन में उपमण्डल के अतिरिक्त देश के विभिन्न भागों और विदेशों से भी फ़ोन आ रहे हैं। पंचरुखी निवासी वरिष्ठ नागरिक मस्त राम भूरिया पालमपुर प्रसाशन के द्वारा लोगों के घर तक दवाई पहुंचाने से बहुत खुश हैं। भूरिया ने बताया कि उन्हें दो बार दवाई घर पहुंचाई गयी है और इस सेवा से यह इतने प्रभावित है कि हर माह 2100 रुपय का दान कोविड फण्ड में देंगे।
एसडीएम पालमपुर धर्मेश रामोत्रा ने बताया कि कर्फ्यू के कारण लोग अपने घरों में हैं, सामाजिक दूरी का पूरा पालन हो इसके लिये लोगों को घरद्वार पर जरूरत की चीज़ें उपलब्ध हों इसे सुनिश्चित बनाने के लिये एतिहातन सावधानियां बरती जा रही हैं। विभिन्न सेवाओं के लिये अलग अलग हेल्पलाइन नंबर जारी किये गए हैं। उन्होंने कहा कि पालमपुर सेवियर संस्था के समाजसेवी नि:स्वार्थ भावना से जरूरतमन्द लोगों के लिये पहली अप्रैल से दवाइयां उपलब्ध करवाने का कार्य कर रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 50 जरूरतमंद लोगों की कॉल दवाई के लिये आ रही है। उन्होंने कहा कि पालमपुर सेवियर के स्वयंसेवी दिन-रात जरूरतमंद लोगों के लिये दवाई पहुंचने का कार्य कर रहे है।
उन्होंने बताया कि ठाकुरद्वारा निवासी संतोष सूद को दवाई के लिये उनके बेटे की इंग्लैंड से कॉल आयी, स्टर्लिंग होटल में रह रही अमरीका निवासी नैंसी यंग, इंग्लैंड निवासी किम बटर, पट्टी निवासी प्रदीप अवस्थी, जे एस पठानिया, नगरी निवासी संतोष धीमान, डरोह निवासी कैलाशा देवी जैसे सैंकड़ों जरूरतमंद लोगों को दवाई पहुंचाई गयी है। प्रशासन द्वारा घरद्वार दवाई उपलब्ध करवाए जाने से लोग काफी खुश हैं और प्रशासन की सराहना कर रहे हैं।



