➤ कांगड़ा नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस का क्लीन स्वीप, सभी 9 वार्डों में दर्ज की जीत
➤ भाजपा का पूरी तरह सूपड़ा साफ, अध्यक्ष पद पर सुमन वर्मा का नाम सबसे आगे
➤ अनुराग शर्मा बोले- यह सिर्फ जीत नहीं, 2027 विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल
कांगड़ा नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भाजपा का पूरी तरह सफाया कर दिया है। कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने सभी 9 वार्डों में शानदार जीत दर्ज कर नगर परिषद पर एकतरफा कब्जा जमा लिया। भाजपा एक भी सीट जीतने में सफल नहीं हो सकी। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और कई जगहों पर समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया।
घोषित परिणामों के अनुसार वार्ड नंबर-1 से भावना, वार्ड नंबर-2 से सुमन वर्मा, वार्ड नंबर-3 से नीलू, वार्ड नंबर-4 से मोना, वार्ड नंबर-5 से शुभम, वार्ड नंबर-6 से राजकुमारी, वार्ड नंबर-7 से कोमल शर्मा, वार्ड नंबर-8 से शुभम तथा वार्ड नंबर-9 से अशोक शर्मा ने जीत दर्ज की। सभी विजेता कांग्रेस समर्थित बताए जा रहे हैं। कांग्रेस की इस एकतरफा जीत ने जिला कांगड़ा की राजनीति में बड़ा संदेश दिया है।
नगर परिषद में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सातवीं बार पार्षद चुनी गईं और पूर्व अध्यक्ष रह चुकीं सुमन वर्मा अध्यक्ष पद की सबसे मजबूत दावेदार हैं। कांग्रेस समर्थकों का मानना है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और लगातार जीत का लाभ उन्हें मिल सकता है।
जीत के बाद विजयी पार्षदों ने अपनी सफलता का श्रेय हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा को दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से कांग्रेस को यह बड़ी सफलता मिली है। वहीं एसडीएम इशांत जसवाल ने बताया कि नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि चुनाव में कुल 75.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो लोगों की लोकतांत्रिक भागीदारी को दर्शाता है।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद राज्यसभा सांसद और जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने इसे जनता के विश्वास और कांग्रेस सरकार की जनहितैषी नीतियों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नगर परिषद चुनावों की जीत नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनावों का सेमीफाइनल है। अनुराग शर्मा ने दावा किया कि जिला कांगड़ा की जनता ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस 15 की 15 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की नीतियों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के हित में फैसले लेकर जनता का भरोसा मजबूत किया है। कर्मचारी, महिलाएं, युवा, किसान और गरीब परिवारों के लिए लिए गए फैसलों का असर इन चुनावों में साफ दिखाई दिया है। उन्होंने हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, पार्टी कार्यकर्ताओं और जिला कांगड़ा की जनता का आभार व्यक्त किया।
नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस ने जिला कांगड़ा में कई जगह शानदार प्रदर्शन किया। कांगड़ा में कांग्रेस ने 8-1, ज्वालाजी में 7-2, देहरा में 5-2, नूरपुर में 6-3, शाहपुर में 5-2 और नगरोटा में 4-3 से बढ़त बनाई। नगरोटा में अध्यक्ष पद आरक्षित होने के कारण कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार अध्यक्ष पद पर पहुंचते नजर आ रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जिला कांगड़ा में नगर परिषद और नगर निकाय चुनावों के नतीजों ने प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश दिया है। कांग्रेस इस जीत को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले अपनी सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धियों में से एक मान रही है।
कांगड़ा : कांग्रेस 8 – भाजपा 1
ज्वालाजी : कांग्रेस 7 – भाजपा 2
देहरा : कांग्रेस 5 – भाजपा 2
नूरपुर : कांग्रेस 6 – भाजपा 3
शाहपुर : कांग्रेस 5 – भाजपा 2
नगरोटा : कांग्रेस 4 – भाजपा 3
( नगरोटा में आरक्षित सीट पर कांग्रेस का अध्यक्ष )



