Follow Us:

कांगड़ा: हथियारों के लाइसेंस रिन्यू कराने के लिए नहीं काटने पड़ेंगे जिला मुख्यालय के चक्कर

डेस्क |

जिला कांगड़ा के लाइसेंस हथियार धारकों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें अपने हथियारों के लाइसेंस को रिन्यू करवाने के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। क्योंकि अब यह सुविधा उपमंडल स्तर पर ही मिलने जा रही है। जिला के लाइसेंसधारकों को सात फरवरी से ये सुविधा उपमंडल स्तर पर मिलना शुरू हो जाएगी।

बता दें कि विधायक प्राथमिकता की बैठक के दौरान कांगड़ा जिला के विधायकों द्वारा उपमंडल स्तर पर लाइसेंस के नवीनीकरण का मामला उठाया गया था। मुख्यमंत्री के आदेशों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कांगड़ा जिला प्रशासन ने इसी सप्ताह से उपमंडल स्तर पर लाइसेंस नवीनीकरण के लिए प्रक्रिया आरंभ करने के आदेश जारी कर दिए हैं।

इस बारे में जानकारी देते हुए एडीएम कांगड़ा रोहित राठौर ने बताया कि आत्मरक्षा के हथियारों के लाइसेंस नवीनीकरण के लिए उपमंडलाधिकारियों के ऑनलाइन लॉगिन तैयार कर दिए गए हैं। सात फरवरी से यह सुविधा लाइसेंसधारकों को मिलना शुरू हो जाएगी। लाइसेंस नवीनीकरण के दस्तावेज अपलोड करने संबंधी प्रशिक्षण कर्मचारियों को दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि लाइसेंस का नवीनीकरण के दस्तावेज उपमंडल स्तर पर ही लॉगिन के माध्यम से अपलोड हो जाएंगे और ऑनलाइन ही जिला स्तर पर इसको स्वीकृति भी प्रदान की जाएगी। बतौर लाइसेंस जारीकर्ता अथॉरिटी होने के नाते वह स्वयं ही उपमंडल स्तर पर जाकर लाइसेंस नवीनीकरण संबंधी मामलों का निपटारा भी सुनिश्चित करेंगे। हालांकि जिन लाइसेंसधारकों के खिलाफ अपराधिक मामले हैं उनको जिला स्तर पर ही लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आना पड़ेगा।