Follow Us:

कांगड़ा: अब HRTC बस टाइमिंग को लेकर नहीं होगी परेशानी, निगम ने तैयार की संशोधित समयसारिणी

मृत्युंजय पुरी |

कोरोना संकट के बीच लॉकडाउन के बाद भले ही अनलॉक 1.0 चल रहा है लेकिन एचआरटीसी की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को समयसारिणी को लेकर, दिक्कतें पेश आ रही थीं। इन्हीं दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम डिपो धर्मशाला ने यात्रियों की सुविधा के लिए, संशोधित समयसारिणी तैयार की है। धर्मशाला डिपो से संचालित किए जाने वाले बस रूट्स की बनाई गई यह नई समयसारिणी अब विभिन्न बस अड्डों पर लगाया जाएगा, जिससे कि यात्रियों को बसों के समय को लेकर दिक्कत न हो।

इस बारे में जानकारी देते हुए आरएम एचआरटीसी धर्मशाला पंकज चड्ढा ने बताया कि एचआरटीसी बसों की समयसारिणी को लेकर आ रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए सात पन्नों की समयसारिणी तैयार की गई है। जिसमें अलग-अलग स्थानों से रवाना होने वाली बसों का समय अंकित रहेगा। इससे यात्री अपनी सुविधा अनुसार अपने गंतव्य स्थान के लिए, सही समय पर प्रस्थान कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि पहली जून से शुरू हुई बस सेवा के चलते धर्मशाला डिपो ने 64 रूटों पर बसें चलाई थीं। जबकि यात्रियों की संख्या कम होने के चलते अब कुछ रूटों में कटौती की गई है और वर्तमान में 44 रूटों पर धर्मशाला डिपो बस सेवा प्रदान कर रहा है। समयसारिणी में ऑन डिमांड भी लंबी दूरी की परिवहन सेवा उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है, जिनमें सोलन, शिमला व अन्य क्षेत्रों के लिए बस सेवा शामिल है। समयसारिणी में तीन चरणों में रूट बनाए गए हैं जिसमें कांगड़ा बस अड्डा को मुख्य तौर पर रखा गया है, क्योंकि कांगड़ा बस अड्डा सभी क्षेत्रों के लिए आवागमन का केंद्र है।

आरएम ने बताया कि सामान्य दिनों में डिपो की बस सेवा 33 हजार किलोमीटर चलती थी जो कि वर्तमान में 4 हजार किलोमीटर ही रह गई है। वहीं इस डिपो की कमाई का मुख्य जरिया लंबी दूरी की बसें थीं जो कि अब नहीं चल रही हैं। वर्तमान में धर्मशाला डिपो की प्रति किलोमीटर आय 20 रुपए के लगभग है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन और वर्तमान में कम संचालित की जा रही बसों से कितना नुक्सान हुआ है इसका आंकलन किया जाना है और जुलाई के दूसरे सप्ताह तक यह आंकलन पूरा हो जाएगा। पंकज चड्ढा ने बताया कि परिवहन निगम यात्रियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है और चालकों-परिचालकों की सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है।