Follow Us:

कांगड़ा में पंचायत चुनाव में बवाल, 8 वोट से हार के बाद फूटा गुस्सा हंगामा, पोलिंग पार्टी को कमरे में बंद किया

कांगड़ा की झिकली इच्छी पंचायत में रिजल्ट के बाद भारी हंगामा
8 वोट से हारने वाले प्रत्याशी के समर्थकों ने पोलिंग पार्टी को कमरे में बंद किया
35 वोट गायब होने के आरोप पर सड़क पर उतरे ग्रामीण, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी


हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की झिकली इच्छी पंचायत में पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। पूरी रात चली मतगणना के बाद सुबह करीब साढ़े छह बजे जैसे ही प्रधान पद का परिणाम घोषित हुआ, हारने वाले प्रत्याशी के समर्थकों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रधान पद का चुनाव केवल 8 वोटों के अंतर से तय हुआ, जिसके बाद नाराज समर्थकों ने पोलिंग पार्टी को पंचायत भवन के एक कमरे में कुछ देर के लिए बंद कर दिया।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी इकबाल सिंह ने 1331 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजय कुमार को 1323 मत मिले। बेहद कम अंतर से मिली हार के बाद विजय कुमार के समर्थकों ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि करीब 35 वोट गायब हैं। इसी आरोप को लेकर पंचायत भवन के बाहर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

झिकनी इच्छी पंचायत में काउंटिंग से गुस्साएं लोगों ने रोकी अधिकारियों की गाड़ियां।

स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन हरकत में आया। बीडीओ कांगड़ा तारुल कटियार और तहसीलदार प्रकाश चंद मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पंचायत भवन के बाहर जमा भीड़ ने अधिकारियों की गाड़ियों को भी रोक दिया, जिससे कुछ समय के लिए हालात और अधिक तनावपूर्ण बन गए। बाद में पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।

हारने वाले प्रत्याशी विजय कुमार ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें चुनाव अधिकारियों और पूरी टीम की कार्यप्रणाली पर संदेह है। उन्होंने साफ कहा कि वे इस चुनाव परिणाम को अदालत में चुनौती देंगे। साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि जिन अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है, उन्हें तुरंत निलंबित किया जाए।

इधर कांगड़ा की खोली पंचायत में भी मतगणना के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने हंगामा करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि कुछ लोग काउंटिंग सेंटर के भीतर घुस गए थे, जिससे मतगणना कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। हालांकि पुलिस जवानों ने तुरंत स्थिति संभाली और संबंधित लोगों को बाहर निकालकर मतगणना दोबारा शुरू करवाई।

खोली पंचायत से पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केवल चौधरी चुनाव हार गए। वहीं भाजपा समर्थित जिला परिषद उम्मीदवार विजय कुमार बीजू की पत्नी कश्मीरा देवी ने जीत दर्ज की। हालेड़कलां क्षेत्र से भाजपा समर्थित जिला परिषद उम्मीदवार रिंपल कुमार की पत्नी सरिता जोगीपुर पंचायत से प्रधान निर्वाचित हुईं, जबकि डिंपल उपप्रधान चुने गए।

इसके अलावा नंदरुल पंचायत से कांग्रेस समर्थित संजीव सिप्पी ने जीत हासिल की। दौलतपुर पंचायत से सीमा देवी प्रधान और डॉ. सतीश सोनी उपप्रधान चुने गए। तियारा पंचायत में अनीता देवी प्रधान और नवीन कुमार उपप्रधान निर्वाचित हुए। कच्छयारी पंचायत में कपिल चौधरी ने करीब 500 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की, जबकि कुल्थी पंचायत से राम कृष्ण और गाहलियां पंचायत से हिमाचली देवी प्रधान चुनी गईं।