Follow Us:

कांगड़ा जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा, सीमा चौधरी निर्विरोध अध्यक्ष और अभिमन्यु बने उपाध्यक्ष

कांगड़ा जिला परिषद अध्यक्ष पद पर सीमा चौधरी और उपाध्यक्ष पद पर अभिमन्यु निर्विरोध निर्वाचित

54 सदस्यीय परिषद में 39 सदस्यों की मौजूदगी से पूरा हुआ कोरम, दोनों पदों पर एक-एक नामांकन

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों को साथ लेकर विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिया


धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े कांगड़ा जिला परिषद पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने कब्जा जमा लिया है। सोमवार को हुए चुनाव में सीमा चौधरी अध्यक्ष और अभिमन्यु उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

चुनाव प्रक्रिया उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। 30 मई को जिला परिषद चुनाव परिणाम घोषित होने के करीब 50 दिन बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया।

39 सदस्यों की मौजूदगी से पूरा हुआ कोरम

54 सदस्यीय जिला परिषद में चुनाव के लिए 36 सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक थी। बैठक में 39 सदस्य मौजूद रहे, जिससे कोरम पूरा हो गया। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन पत्र मिलने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और दोनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस समर्थित जिला परिषद सदस्य बैठक से अनुपस्थित रहे, जबकि भाजपा समर्थित पार्षद और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

सभी को साथ लेकर करेंगे विकास कार्य : सीमा चौधरी

नवनिर्वाचित अध्यक्ष सीमा चौधरी ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के सभी सदस्यों को साथ लेकर विकास कार्यों को गति दी जाएगी और जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही उपलब्ध बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।

54 सदस्य एक परिवार की तरह करेंगे काम : अभिमन्यु

नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष अभिमन्यु ने समर्थन देने वाले सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के सभी 54 सदस्य एक परिवार की तरह मिलकर कार्य करेंगे और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे।