Follow Us:

शादी समारोह के दौरान दूल्हे की घोड़ी ने छह वर्षीय बच्चे को लात मारी, मौत

 

कानपुर। हनुमंत विहार थानाक्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। दूल्हे की घोड़ी ने अचानक लात मार दी, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। सोमवार को इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।

योगेंद्र विहार के निवासी सुरेंद्र गुप्ता ई-रिक्शा चालक हैं और उनके परिवार में पत्नी स्वाति, बड़ा बेटा शिवा और छोटा बेटा कृष्णा (6) थे। रविवार को इलाके के बाजपेयी परिवार में शादी समारोह था। बारात रवाना होने से पहले दूल्हा मंदिर पूजन के लिए घोड़ी पर सवार होकर निकला।

इस दौरान पूजन देखने पहुंचे कृष्णा ने घोड़ी के पीछे से निकलने की कोशिश की। अचानक घोड़ी ने लात मारी, जो सीधे बच्चे के सिर पर लगी। हादसे के बाद बच्चा उछलकर दूर गिरा और बेहोश हो गया। मोहल्ले के लोग और परिवार तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन गंभीर चोट के चलते उसे बचाया नहीं जा सका।

स्वाति गुप्ता ने बताया कि कई मंदिरों में मिन्नतें मांगने के बाद 11 साल बाद उनकी दूसरी संतान कृष्णा हुआ था। उन्हें नहीं पता था कि घोड़ी का नाच देखने गया उनका बेटा सदा के लिए छिन जाएगा।

हनुमंत विहार थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। हालांकि, परिजनों ने इसे हादसा मानते हुए पोस्टमार्टम और किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया है।