➤ करनाल में घने कोहरे के बीच नेशनल हाईवे पर 5 वाहन आपस में भिड़े
➤ हादसे में एचआरटीसी के साथ एसआरटीसी की वोल्वो बसें भी शामिल
➤ 150 यात्री सवार, सभी सुरक्षित, बड़ा हादसा टला
हरियाणा के करनाल जिले में घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कम दृश्यता के चलते अचानक ब्रेक लगने से पांच वाहन आपस में टकरा गए, जिनमें एचआरटीसी और एसआरटीसी की वोल्वो बसें तथा एक स्कॉर्पियो शामिल है।

जानकारी के अनुसार, हाईवे पर आगे चल रहे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगाए। पीछे से आ रही बसों को कोहरे के कारण समय पर नियंत्रण का मौका नहीं मिला और एक के बाद एक वोल्वो बसें आपस में भिड़ गईं। हादसे में एसआरटीसी की वोल्वो बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के समय बसों में करीब 150 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री गहरी नींद में थे, जिन्हें जोरदार झटके से हादसे का पता चला। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।

सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीमें मौके पर पहुंचीं। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वोल्वो बसों और स्कॉर्पियो को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद नेशनल हाईवे पर यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने कोहरे के मौसम को देखते हुए वाहन चालकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। चालकों को वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने, धीमी गति से चलने और फॉग लाइट के इस्तेमाल की सलाह दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



