Follow Us:

कसौली हेरिटेज मार्केट में तड़के भीषण आग, कई दुकानें राख

कसौली के हेरिटेज मार्केट में तड़के भीषण आग, कई दुकानें चपेट में
दमकल, पुलिस और स्थानीय लोग आग बुझाने में जुटे, सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी दहशत
भारी नुकसान की आशंका, आग लगने के कारणों की जांच शुरू नहीं हो सकी


पर्यटन नगरी कसौली के हेरिटेज मार्केट में सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे भीषण अग्निकांड से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही मिनटों में बाजार की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के दुकानदारों को सामान सुरक्षित निकालने तक का मौका नहीं मिला।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस जवानों के साथ स्थानीय दुकानदार और आसपास के लोग भी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि बाजार में मौजूद खानपान की दुकानों के भीतर रखे गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट होने से स्थिति और गंभीर हो गई, जिसके चलते दमकल कर्मियों को दुकानों के बिल्कुल नजदीक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।

आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने से पूरे कसौली क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग पर अभी तक पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है और राहत कार्य लगातार जारी है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली कराना शुरू कर दिया है ताकि किसी तरह की जनहानि न हो।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या सिलेंडर रिसाव की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। नुकसान का सही आकलन आग बुझने के बाद ही सामने आ सकेगा।