➤ शनोगी गांव में पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से किए कई वार
➤ घटनास्थल से चाकू और कैंची बरामद, फॉरेंसिक जांच जारी
➤ तीन महीने पहले हुई थी शादी, हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सोलन जिले के कसौली क्षेत्र के शनोगी गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी कुठाड़ की टीम मौके पर पहुंची और खून से लथपथ हालत में महिला का शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, शनोगी निवासी चतर सिंह (43) और उसकी पत्नी सुमन (38) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने पत्नी पर कथित रूप से धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के गले और शरीर पर गहरे घाव पाए गए हैं।
ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर बताया कि महिला की हत्या उसके पति ने ही की है। मृतका की रिश्तेदार पूजा निवासी शामती ने पुलिस को बताया कि उन्हें झगड़े की सूचना फोन पर मिली थी। जब वे मौके पर पहुंचे तो सुमन मृत अवस्था में पाई गई।
पुलिस ने घटनास्थल से एक चाकू और एक कैंची बरामद की है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं। शव को कब्जे में लेकर आईजीएमसी शिमला पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। शादी के मात्र तीन महीने बाद यह दर्दनाक घटना सामने आई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था।
डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन असली वजह का खुलासा फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही हो पाएगा। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।



