➤ कसौली SDM कार्यालय और आर्मी पब्लिक स्कूल को मिले धमकी भरे ई-मेल
➤ पुलिस, साइबर टीम और डॉग स्क्वॉड ने शुरू की जांच
➤ स्वतंत्रता दिवस से पहले संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई
कसौली (सोलन)। स्वतंत्रता दिवस से पहले हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। एसडीएम कार्यालय कसौली और आर्मी पब्लिक स्कूल, डगशाई को धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के साथ साइबर टीम और डॉग स्क्वॉड भी जांच में जुटे हैं।
जानकारी के अनुसार एक अज्ञात ई-मेल आईडी से भेजे गए संदेश में 15 अगस्त के दौरान सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों को निशाना बनाने, राष्ट्रविरोधी नारे लिखने और भय का माहौल बनाने जैसी धमकियां दी गई हैं। यह ई-मेल एसडीएम कार्यालय और आर्मी पब्लिक स्कूल के अलावा कुछ अन्य ई-मेल पतों पर भी भेजा गया है।
एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ई-मेल मिलते ही पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज कराया गया। ई-मेल भेजने वाले की पहचान, लोकेशन और तकनीकी स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। वहीं, एहतियात के तौर पर डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया गया है।
स्वतंत्रता दिवस समारोहों को देखते हुए प्रशासन ने सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। संबंधित विभागों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



