Follow Us:

कौल सिंह ठाकुर ने छोड़ी राजनीति! रामपाल की शरण में पहुंचे

पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर का रामपाल से मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल

वीडियो में सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की बात कही, पत्नी के स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद भी मांगा

रामपाल ने दीक्षा लेकर भक्ति मार्ग अपनाने की सलाह दी, कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं


हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की रामपाल से मुलाकात का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह वीडियो रामपाल के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर साझा किया गया है, जिसमें कौल सिंह ठाकुर अपनी पत्नी और अन्य परिजनों के साथ उनसे मुलाकात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इसे लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

वीडियो में कौल सिंह ठाकुर स्वयं अपने लंबे राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए बताते हैं कि वह हिमाचल प्रदेश में आठ बार विधायक, चार बार मंत्री, एक बार विधानसभा अध्यक्ष और दो बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की बात भी कही और अपनी पत्नी के स्वास्थ्य के लिए आशीर्वाद मांगा।

वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि रामपाल उन्हें दीक्षा लेकर भक्ति मार्ग अपनाने की सलाह देते हैं। मुलाकात के दौरान कौल सिंह ठाकुर ने उन्हें पारंपरिक हिमाचली टोपी पहनाई, जबकि उनकी पत्नी ने हिमाचल के ऑर्गेनिक फल भेंट किए। उन्होंने रामपाल को हर वर्ष मई और जून के दौरान हिमाचल आने का निमंत्रण भी दिया।

वीडियो में कौल सिंह ठाकुर ने हरियाणा के वरिष्ठ नेताओं चौधरी वीरेंद्र सिंह और भूपेंद्र सिंह हुड्डा से अपने पुराने राजनीतिक संबंधों का भी जिक्र किया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है और इस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

हालांकि, इस मुलाकात और सक्रिय राजनीति से संन्यास संबंधी दावों पर कांग्रेस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, इस मामले में सार्वजनिक रूप से किसी स्वतंत्र पुष्टि की जानकारी भी सामने नहीं आई है।