Follow Us:

Video: देवभूमि हिमाचल में सेवा करना मेरे लिए गर्व की बात: कविंद्र गुप्ता

हिमाचल के नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता शिमला पहुंचे
10 मार्च को राजभवन में 30वें राज्यपाल के रूप में लेंगे शपथ
सीएम सुक्खू ने हेलीपैड पर पुष्पगुच्छ देकर किया स्वागत, मिला गार्ड ऑफ ऑनर


हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल कविंद्र गुप्ता सोमवार शाम राजधानी शिमला पहुंच गए। शिमला पहुंचने पर हेलीपैड पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। उनके साथ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। आगमन पर उन्हें औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

नव नियुक्त राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मंगलवार 10 मार्च को सुबह 11:45 बजे राजभवन (लोकभवन) में हिमाचल प्रदेश के 30वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश उन्हें शपथ दिलाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।

शिमला पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसी पावन देवभूमि में सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि वे राजभवन और प्रदेश सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करें, ताकि विकास कार्यों को और गति मिल सके।

उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान, शिक्षा के स्तर में सुधार और पर्यावरण संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों और सामाजिक जरूरतों को समझने के लिए वे प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों का दौरा करेंगे और वहां की जनता की समस्याओं को करीब से जानने का प्रयास करेंगे।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि उनकी कार्यशैली हमेशा सभी को साथ लेकर चलने की रही है। वे पहले हिमाचल प्रदेश को गहराई से समझेंगे और उसके बाद प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाएंगे। उनके आगमन को लेकर राजधानी शिमला में प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली और लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।