Follow Us:

सराज कांड पर किन्नौर में फूटा गुस्सा, जयराम ठाकुर का पुतला फूंका

➤ सराज घटना के विरोध में किन्नौर कांग्रेस ने जयराम ठाकुर का पुतला फूंका
➤ राजस्व मंत्री पर हमले को जनजातीय समुदाय ने बताया अस्वीकार्य
➤ जयराम ठाकुर को जनजातीय क्षेत्रों में विरोध का सामना करने की चेतावनी


हिमाचल प्रदेश के सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की गाड़ी पर काले कपड़े और जूते फेंके जाने की घटना के विरोध में आज किन्नौर जिला कांग्रेस ने रिकोंग पीओ में जयराम ठाकुर का पुतला फूंका। यह विरोध जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस प्रवक्ता और जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य केसर नेगी ने कहा कि यह हमला पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के इशारे पर हुआ, जो जनजातीय समुदाय के लिए अपमानजनक है और किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से प्रदेश का माहौल खराब किया जा रहा है।

केसर नेगी ने चेतावनी दी कि अगर जयराम ठाकुर जनजातीय क्षेत्रों में आने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें भीषण विरोध का सामना करना पड़ेगा। उनका कहना है कि जयराम शायद यह मान चुके हैं कि उनकी राजनीति खत्म हो चुकी है, और इसलिए वह संवेदनशील मुद्दों को भड़काकर राजनीति चमकाना चाहते हैं। लेकिन जनजातीय समुदाय इस बार माफ करने के मूड में नहीं है

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी पर हुए हमले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है और उन्होंने इसे लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ बताया है। कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।