Follow Us:

किन्नौर में बादल फटा, फ्लैश फ्लड से सांगला-छितकुल मार्ग बंद

किन्नौर की सांगला वैली में बादल फटने के बाद ग्रागा नाले में फ्लैश फ्लड आया
मलबा और बड़े पत्थर आने से सांगला-छितकुल मार्ग बंद हो गया
आईटीबीपी कैंप पर खतरा मंडराया, नुकसान का आकलन करने पहुंची टीमें


किन्नौर जिले की सांगला वैली में शनिवार शाम करीब पांच बजे मस्तरंग के पास ग्रागा नाले में अचानक फ्लैश फ्लड आ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऊंची पहाड़ियों पर बादल फटने के कारण नाले में भारी मात्रा में पानी, मलबा और बड़े पत्थर आ गए।

फ्लैश फ्लड के चलते सांगला-छितकुल मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क पर मलबा जमा होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और प्रशासन ने मार्ग बहाल करने के लिए संबंधित विभागों को मौके पर भेज दिया।

बाढ़ के कारण नाले के पास स्थित आईटीबीपी कैंप का आवासीय परिसर भी खतरे की जद में आ गया। हालांकि, फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल या निजी संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। तहसीलदार सांगला ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।