Follow Us:

कोटखाई में दर्दनाक हादसा, पिकअप की चपेट में आई 4 साल की बच्ची

➤ कोटखाई में सड़क पार करती 4 साल की बच्ची को पिकअप ने कुचला
➤ मौके पर ही मासूम की दर्दनाक मौत, हादसा CCTV में कैद
➤ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की


शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें 4 साल की एक मासूम बच्ची की जान चली गई। यह पूरा हादसा पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसने घटना की भयावहता को उजागर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाली मूल की यह बच्ची अपनी मां के साथ गुम्मा से बड़ेच स्थित अपने गांव की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि जब वे कोटखाई के बाघी क्षेत्र के पास पहुंचे, तो बच्ची अपनी मां के पीछे-पीछे चल रही थी। इसी दौरान बच्ची अचानक सड़क पार करने लगी।

इसी बीच शिमला की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बच्ची के मामा गोपाल के अनुसार, परिवार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर करती है।