➤ विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां का विदेश दौरा सम्पन्न, शिमला लौटने पर स्वागत
➤ उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां और कर्मचारियों ने किया गुलदस्ता भेंट
➤ 68वें राष्ट्रमण्डल अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का किया प्रतिनिधित्व
हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां का स्वदेश लौटने के बाद आज विधानसभा सचिवालय में गरमजोशी से स्वागत किया गया। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां के साथ विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गुलदस्ते भेंट कर अध्यक्ष का अभिनंदन किया।
गौरतलब है कि कुलदीप सिंह पठानियां 16 दिवसीय विदेश दौरे से लौटे हैं। वे 29 सितम्बर को दिल्ली से लंदन और फिर बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाउन पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने 68वें राष्ट्रमण्डल अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस सम्मेलन में विभिन्न देशों के संसदीय प्रतिनिधियों ने लोकतंत्र, वैश्विक सहयोग और संसदीय पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि उनका यह दौरा बेहद सफल और ज्ञानवर्धक रहा। उन्होंने बताया कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ, साथ ही बारबाडोस संसद में तय विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने का मौका मिला।
उन्होंने कहा कि यह दौरा शिक्षाप्रद और प्रेरणादायक रहा, जिससे प्राप्त अनुभव को आने वाले समय में प्रदेश के हित में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि उनके साथ विदेश दौरे पर गए विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार और विधान सभा सचिव यश पाल शर्मा भी स्वदेश लौट चुके हैं।
कार्यक्रम के अंत में विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों ने कहा कि यह दौरा हिमाचल प्रदेश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है, क्योंकि इसने प्रदेश को वैश्विक संसदीय मंच पर पहचान दिलाई है।



