Follow Us:

कुल्‍लू में चलती बोलेरो पर गिरा विशाल चीड़ का पेड़, चार महिला शिक्षकों की मौत

चलती बोलेरो पर गिरा विशाल चीड़ का पेड़, चार महिला शिक्षकों की मौत
तेज आंधी-तूफान बना हादसे की वजह, तीन लोग गंभीर घायल
खाई में गिरी गाड़ी के उड़ गए परखच्चे, इलाके में शोक की लहर


हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में शनिवार शाम एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। शमशर-गुगरा मार्ग पर बालीओल के पास करीब 4:30 बजे तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल चीड़ का पेड़ चलती बोलेरो गाड़ी पर गिर गया। पेड़ का भारी वजन और तेज झटका लगने से वाहन अनियंत्रित हो गया और पेड़ समेत गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए

बताया जा रहा है कि हादसे के समय बोलेरो में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह स्कूल शिक्षक शामिल थे। इस भीषण दुर्घटना में चार महिला शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अन्य वाहनों के यात्रियों ने भी मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला।

मृतकों की सूची:

स्नेह लता (38): पत्नी टीका नंद, निवासी पारलीधार, आनी।

बंती कौंडल: पत्नी हेम दत्त, निवासी लामीसेरी, आनी।

उषा कुमारी (43): पत्नी मदन लाल, निवासी तराला, आनी।

सीमा आजाद (54): पत्नी जिया लाल आजाद, निवासी रोपड़ी, आनी।

घायलों के नाम:

सुरेश चंद (चालक): पुत्र देश राज, निवासी रोपड़ी।

तारा देवी: पत्नी रविंद्र कुमार, निवासी रोपड़ी।

रीना कुमारी: पत्नी प्रेम सागर, निवासी सरकाघाट (मंडी)।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को सिविल अस्पताल आनी ले जाया गया, जहां चार शिक्षिकाओं को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल दो शिक्षिकाओं को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है, जबकि चालक का इलाज आनी अस्पताल में जारी है।

मृतकों की पहचान स्नेह लता, बंती कौंडल, उषा कुमारी और सीमा आजाद के रूप में हुई है। सभी शिक्षिकाएं क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में सेवाएं दे रही थीं और स्कूल से अपने घर लौट रही थीं। उनकी अचानक मौत से शिक्षा जगत सहित पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

घायलों में सुरेश चंद (42), तारा देवी (47) और रीना कुमारी (40) शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज तूफान के चलते सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर सीधे वाहन पर गिर गया।

एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये और घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दी गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।