Follow Us:

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव की तैयारी शुरू, 19 से 25 अक्टूबर तक रहेगा जलवा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कुल्लू में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की तैयारियों में प्रशासन जुट गया है। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने पहली बैठक की। ऐतिहासिक दशहरा उत्सव 19 से 25 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इसके लिए अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव समिति और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

उपायुक्त यूनुस ने बुधवार को बचत भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव 19 से 25 अक्तूबर तक मनाया जाएगा। इसके लिए जिले भर के देवी-देवताओं को उत्सव समिति की ओर से निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग उत्सव के लिए कुल्लू शहर विशेषकर ढालपुर मैदान और इसके आस-पास सभी आवश्यक कार्य अभी से शुरू कर दें।

उत्सव के दौरान सफाई, यातायात और आवश्यक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए देश के विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों के अलावा विदेशी कलाकारों को भी
आमंत्रित किया जा रहा है। खेल प्रतियोगिताओं और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों की रूपरेखा भी तैयार की जा रही है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला के कोने-कोने से आने वाले देवी-देवताओं और देवलुओं को मेला स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। मेला स्थल पर सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा और इसके लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारी तैनात किए
जाएंगे।