Follow Us:

मनाली आने वाले सैलानियों के लिए खुशखबरी, चंडीगढ़-कुल्लू फ्लाइट शुरू

गौरव, कुल्लू |

हिमाचल के लोगों के साथ ही मनाली घूमने आने वाले सैलानियों के लिए खुशखबरी है। कुल्लू-दिल्ली वाया चंडीगढ़ फ्लाइट आज यानी गुरुवार से शुरू हो गई है। गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्‌डा और केंद्रीय उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने भुंतर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एटीआर 72 सीटर चंडीगढ़-भुंतर विमान सेवा का शुभारंभ किया।

इस मौके पर मंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद रामस्वरूप शर्मा, विधायक मनाली गोविंद सिंह ठाकुर, महेश्वर सिंह सहित एयरपोर्ट भुंतर के अधिकारी व एयर इंडिया के अधिकारी भी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह का प्रारंभ दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ और कुल्लू जिला के कलाकारों ने नाटी से मंत्रियों का स्वागत किया।

इस सुविधा के इससे करीब 32 लाख टूरिस्टों को फायदा होगा। महज 45 मिनट में कुल्लू से चंडीगढ़ पहुंचा जा सकेगा। 72 सीटों वाली एयर इंडिया की यह फ्लाइट दिल्ली से सुबह 10 बजे उड़ान भरेगी और भुंतर (कुल्लू) 11 बजकर 20 मिनट पर पहुंचेगी। वापसी में भुंतर से यह 12 बजकर 30 पर उड़ान भरेगी और 1 बजकर 15 मिनट पर चंडीगढ़ लैंड करेगी। चंडीगढ़ से 2 बजे उड़ानभर कर दिल्ली एयरपोर्ट पर 2 बजकर 45 मिनट पर लैंड करेगी।

कुल्लू-दिल्ली के लिए पहले सुबह के वक्त फ्लाइट थी, लेकिन अब दिन में दूसरी फ्लाइट भी मिलेगी। सुबह जो फ्लाइट चलती है रही है वह सुबह पौने सात बजे दिल्ली से टेकऑफ करती है और 8.05 बजे भुंतर पहुंचती है। यही फ्लाइट वहां से 8. 35 पर टेकऑफ करती है और 9.50 पर दिल्ली में लैंड करती है।