Follow Us:

कुल्लू: देव संसद ने मैदान को शुद्ध करने का सुनाया फरमान

गौरव, कुल्लू |

देवता नाग धूंबल के आदेश पर देव स्थल अवपित्र होने के मामले में बुलाई गई देव संसद (जगति) में पहुंचे सभी देवी देवताओं ने ढालपुर मैदान के शुद्धिकरण के आदेश दिए हैं। देवी देवताओं ने कहा कि मैदान में जो देव संस्कृति के विरूद्ध काम हो रहे हैं उन्हें भी तुरंत बंद किया जाए। ढालपुर मैदान में देव स्थलों की अपवित्रता को देवी देवताओं ने कहा कि जगह हमारी है देवी देवताओं के तप करने की जगह है। यहां क्या क्या हो रहा है देवी देवताओं को पता है। देवी देवताओं को आज पूछ नहीं रहे हैं देवता छोटे और इंसान बडे़ हो गए हैं। देव खेल के दौरान दुर्भासा ऋषि ने अपने गुर के माध्यम से कहा कि मैं दिल्ली तक हिलाऊंगा, जगह हमारी है।

ढालपुर शाड़ में देवी देवता किसलिए आते हैं यह सबको पता है। पर हमने पहले भी सचेत किया था परंतु हमारी कोई सुन नहीं रहा है। इसके अलावा देवता धूमल नाग ने कहा कि यह जगह हमारी है और यहां तप करते हैं। सौ ठारा करडू देवी देवताओं की है। इस जगह का अपवित्र किया जा रहा है। पहले भी इसको लेकर कहा था लेकिन हमारी कोई नहीं सुन रहा है अब मैं खुद दूध का दूध पानी का पानी करूंगा।

भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने कहा कि देवी देवताओं ने जा आदेश दिए हैं वे उसका अनुसरण करने के लिए तैयार है। देवी देवताओं ने ढालपुर मैदान के शुद्धिकरण के आदेश दिए हैं जिसके लिए वह इस आयोजन का खर्चा उठाने के लिए तैयार है। साथ में उन्होंने देवी देवताओं से निवेदन किया है कि जो इस तरह के कार्य कर रहे हैं उन्हें ऐसा दण्ड मिलना चाहिए जो जग जाहिर हो जाए ताकि आने वाले समय में देव परंपराओं और देव नीतियों में व्यावधान न पडे़ और हमारा किया गया परिश्रम भी व्यर्थ न जाए। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण के कार्य को लेकर जो भी खर्चा आएगा उसको उठाने के लिए वह पूरी तरह से तैयार है।