Follow Us:

कुल्लू: रोहतांग फतेह करने को बढ़े डोजर, गुलाबा में कमांडर ने जवानों में भरा जोश

गौरव |

मनाली-लेह मार्ग बहाली शांति पूर्वक सम्पन्न हो इसे लेकर बीआरओ ने गुलाबा में सोमवार को पूजा पाठ का आयोजन किया। इस दौरान BRTF मनाली के अधिकारियों सहित 70 आरसीसी के जवान उपस्थित रहे। बीआरओ कमांडर ने जवानों की सुख शांति के लिए आराध्यदेवों की पूजा अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मनाली लेह मार्ग की बहाली हालांकि बीआरओ ने 12 मार्च को शुरू कर थी लेकिन आज विधिवत पूजा करने से मार्ग बहाली को गति मिली है।

बता दें कि सीमा सड़क संगठन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल उमा शंकर के गुलाबा में पहुंचते ही जवानों ने भारत माता की जय के जयकारे लगाकर माहौल को देश भक्ति भरा बना दिया। इस दौरान गुलाबा में भारी बर्फबारी हो रही थी। बर्फबारी के बीच बीआरओ के जवानों का हौंसला देखते ही बन रहा था।

यहां पूजा अर्चना के बाद डोजर रोहतांग को फतेह करने बढ़ गए हैं। मनाली की ओर से बीआरओ 26 किमी दूर 14 मोड़ के पास पहुंच गया है। सिसु की ओर भी 3 किमी सड़क बहाल कर ली है। स्टिंगरी से सिसु की ओर बढ़ते हुए तांदी पल तक 12 किमी सड़क बहाल कर ली है। स्टिंगरी से दारचा की ओर बढ़ते हुए 6 किमी सड़क बहाल की है। सड़क बहाली में जुटे अबरेल जैन और जय पाल सिंह ने बताया कि बर्फ़ीली हवा उनकी दिक्कत को बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी जवान बुलंद हौंसलों से आगे बढ़ रहे हैं।