Follow Us:

कुल्लू अस्पताल में प्रसूता की मौत का मामला विधानसभा में गूंजा, जयराम ने जांच रिपोर्ट पर उठाए सवाल

23 वर्षीय रजनी शर्मा की प्रसव के बाद मौत का मामला विधानसभा में उठा

जयराम ठाकुर ने एमएस और एसडीएम की जांच रिपोर्ट में अंतर पर सरकार से मांगा जवाब

स्वास्थ्य मंत्री ने जिम्मेदार डॉक्टर के निलंबन और जांच जारी होने की दी जानकारी


शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में कुल्लू अस्पताल में प्रसव के बाद 23 वर्षीय रजनी शर्मा उर्फ मंजू शर्मा की मौत का मामला सोमवार को जोरदार तरीके से उठा। प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने मामले की जांच, अस्पताल प्रशासन की भूमिका और कथित चिकित्सीय एवं प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

जयराम ठाकुर ने सरकार से पूछा कि क्या मामले की जांच में चिकित्सीय अथवा प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि यदि लापरवाही पाई गई है तो संबंधित लोगों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की ओर से सदन में दिए गए जवाब पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में हुई अलग-अलग जांचों के निष्कर्षों में अंतर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि एमएस की जांच और एसडीएम की जांच रिपोर्ट आपस में मेल नहीं खा रही हैं। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि दोनों रिपोर्टों में अंतर क्यों है और अंतिम रूप से सही स्थिति क्या है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जो जांच अभी विचाराधीन है, वह कब तक पूरी होगी। जयराम ठाकुर ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि डॉक्टर के व्यवहार और ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठे हैं।

जयराम ठाकुर के अनुसार अस्पताल प्रशासन ने भी ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद लोगों में रोष पैदा हुआ और मामले में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किए गए। प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने का मुद्दा भी उन्होंने सदन में उठाया।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- जांच जारी, जिम्मेदार डॉक्टर निलंबित

स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने सदन में घटना को दुखद बताते हुए मृतका के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सीय प्रणाली से जुड़ा गंभीर मामला है और इसकी विवेचना अभी जारी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मामले की दो स्तरों पर जांच कराई गई है। एक जांच अस्पताल स्तर पर हुई, जबकि दूसरी जांच स्वतंत्र रूप से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष पड़ताल के उद्देश्य से कराई गई है।

उन्होंने सदन को जानकारी दी कि मामले में जिम्मेदार डॉक्टर को निलंबित किया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीएम सुक्खू बोले- दोषी नहीं बख्शे जाएंगे

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी सदन में मामले से जुड़े जांच के तथ्यों की जानकारी दी। उन्होंने मृतका के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन किसी निर्दोष को सजा न मिले, इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मृतका के पति से भी बातचीत की है। उन्होंने दावा किया कि महिला की मौत के बाद त्वरित और कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार ने इस मामले को हल्के में नहीं लिया है।

अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की बात जांच में आई सामने

मुख्यमंत्री के अनुसार अब तक हुई जांच में यह बात सामने आई है कि प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण महिला की मौत हुई। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच अभी जारी है।

उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ऐसे में अलग-अलग जांच रिपोर्टों को लेकर उठे सवालों का अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद सामने आने की उम्मीद है।

करीब दो हजार लोगों ने किया था प्रदर्शन

रजनी शर्मा की मौत के मामले को लेकर सोशल मीडिया पर की गई अपील के बाद करीब दो हजार लोग कुल्लू अस्पताल परिसर में प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। इस प्रदर्शन का मुद्दा भी विधानसभा में उठा।

सरकार की ओर से सदन में बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान कुल्लू अस्पताल में 218 मरीज भर्ती थे, जबकि 18 मरीज इमरजेंसी में थे। सरकार के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कानून के उल्लंघन के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है और नियम-कानून के तहत कार्रवाई की गई है।

मामले में एक ओर जहां परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से घटना की निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग उठ रही है, वहीं सरकार ने जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। विधानसभा में इस मुद्दे के उठने के बाद अब जांच रिपोर्टों में अंतर और कथित चिकित्सीय लापरवाही को लेकर सरकार के अगले कदम पर नजर रहेगी।