➤ ऊना जिले के जेजों मोड़ गांव के नायब सूबेदार कुलवंत सिंह अरुणाचल प्रदेश में शहीद
➤ ऊपरी सुबनसिरि जिले में सेना का वाहन गहरी खाई में गिरने से हुआ हादसा
➤ 11 मार्च को सैन्य सम्मान के साथ जेजों मोड़ गांव में दी जाएगी अंतिम विदाई
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक और दुखद खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत घालूवाल के गांव जेजों मोड़ निवासी नायब सूबेदार कुलवंत सिंह अरुणाचल प्रदेश में हुए एक सड़क हादसे में शहीद हो गए। इस खबर के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार 7 मार्च को अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरि जिले में भारतीय सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में नायब सूबेदार कुलवंत सिंह ने देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
मंगलवार को हवाई मार्ग के जरिए कुलवंत सिंह की पार्थिव देह चंडीगढ़ लाई गई। इसके बाद सेना की ओर से उनके पार्थिव शरीर को उनके गृह जिला ऊना लाया जा रहा है।
परिजनों और क्षेत्रवासियों को अंतिम दर्शन के लिए बुधवार सुबह पोस्ट ऑफिस सलोह, जिला ऊना में अंतिम यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद उनके पैतृक गांव जेजों मोड़ में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहीद की खबर सुनते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक छा गया है। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने की तैयारी कर रहे हैं। हर कोई देश के इस वीर सपूत के बलिदान को नमन कर रहा है।