➤ उदयपुर–किलाड़ मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक दरकी पहाड़ी
➤ कुल्लू से पांगी जा रही टैक्सी मलबे में दबी, 10 से 12 यात्रियों के फंसे होने की आशंका
➤ पुलिस, प्रशासन और बचाव दल मौके पर, युद्धस्तर पर राहत अभियान जारी
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी दरकने से कुल्लू से पांगी जा रही एक टैक्सी टाटा सूमो (एचपी-01एम-2210) मलबे में दब गई। हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस अधीक्षक लाहौल स्पीति शिवानी मेहला ने इसकी पुष्टि की है। हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए। राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार उदयपुर–किलाड़ सड़क मार्ग गुरुवार को भूस्खलन के कारण बंद था। सड़क बंद होने की वजह से पांगी जाने वाले सभी यात्री तिंदी में ही रुके हुए थे। शुक्रवार सुबह सड़क बहाल होने के बाद टैक्सी यात्रियों को लेकर पांगी की ओर रवाना हुई, लेकिन कडू नाला के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा और टैक्सी उसकी चपेट में आ गई।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और बचाव दल मौके पर रवाना हो गए। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। मलबे में दबे वाहन तक पहुंचने के लिए मशीनों और स्थानीय संसाधनों की मदद ली जा रही है।
प्रशासन ने अभी तक किसी भी यात्री के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि राहत अभियान पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्राथमिकता मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है।
मानसून के दौरान लाहौल-स्पीति और पांगी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बारिश से पहाड़ों की चट्टानें कमजोर हो जाती हैं, जिससे अचानक पहाड़ी दरकने और भारी मलबा गिरने का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।



